लखनऊ: दिल्ली में जंतर-मंतर पर हो रहे प्रोटेस्ट को लेकर बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने सरकार को सलाह दी है। मायावती ने सरकार से सूझबूझ से काम लेने की मांग की है।
मायावती ने सोमवार सुबह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट किया, उन्होंने अपनी पोस्ट में जंतर मंतर से लेकर सदन तक टकराव की स्थिति होने की आशंका जताई। उन्होंने सलाह दी है कि बेहतर सूझबूझ से टकराव की स्थिति को टालना चाहिए, यह देश के लिए बिल्कुल सही नहीं होगा।
मायावती ने कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को लेकर कहा कि, सरकार को इस ओर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। उनके साथ सहानुभूति रखनी चाहिए. तमाम युवा अपना समय निकालकर अपने भविष्य की बेहतरी के लिए वहां पर प्रदर्शन कर रहे हैं। सरकार को उनके प्रति उचित रवैया अपनाते हुए पेपर लीक जैसे मुद्दों में शामिल उच्च स्तर पर बैठे लोगों पर भी कार्रवाई करनी चाहिए।
सरकारी स्कूलों में अच्छी पढ़ाई न होने की वजह से प्राइवेट स्कूल और बड़ी-छोटी कोचिंग संस्थाएं तेजी से पनप रही हैं। उससे यह स्पष्ट है कि देश का युवा वर्ग और उनका परिवार जबरदस्त महंगाई के इस दौर में भी अपना पेट काटकर और अन्य परेशानियों को झेलकर भी अपने स्तर से पूरा जी-जान लगाकर आगे बढ़ने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
सरकार से मायावती ने कोचिंग संस्थाओं की निगरानी करने की मांग की है। साथ ही प्राइमरी से लेकर उच्च शिक्षा स्तर पर सम्पूर्ण सरकारी शिक्षा व्यवस्था को हर स्तर पर बेहतर बनाने के साथ-साथ छात्र-छात्राओं को आगे बढ़ाने में भी अपना दायित्व ईमानदारी से निभाने की डिमांड की।









