महाराष्ट्र सरकार ने किसानों को बड़ा तोहफ़ा दिया है। सरकार ने 48 हजार करोड़ रुपये का बिजली का बिल माफ करने का फैसला किया है। सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि हम चाहते हैं कि किसानों की पाटी पूरी तरह कोरी हो जाए, ताकि वे नई शुरुआत कर सकें और अपने भविष्य का नया इतिहास लिख सकें। इसी उद्देश्य से यह बड़ा फैसला लिया गया है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने ये भी कहा कि महाराष्ट्र सरकार का मकसद महज बिजली के बकाया बिल की राशि को माफ करना नहीं, बल्कि हमारे किसानों को आर्थिक तौर पर मजबूत बनाना भी है। सीएम फडणवीस का मानना है कि जब किसानों पर बकाया बिजली बिल का बोझ नहीं रहेगा, तो वे कृषि में निवेश कर पाएंगे।
सीएम ने विश्वास दिलाया कि आने वाले वक्त में हर किसान तक पर्याप्त बिजली को पहुंचाने और एग्रीकल्चर सेक्टर को आत्मनिर्भर बनाने के लिए महाराष्ट्र सरकार जरूरी कदम उठाती रहेगी।
देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि कई किसानों के नाम पर कृषि बिजली कनेक्शनों का वर्षों पुराना बकाया बिल दर्ज है। यह बकाया सरकार के रिकॉर्ड में है और बिजली कंपनी का कोई भी कर्मचारी कभी भी वसूली के लिए पहुंच सकता है। इसी को देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने किसानों के 48 हजार करोड़ रुपये के पुराने बिजली बिल माफ करने फैसला किया है।









