मुंबई: NCP-SP का कांग्रेस में विलय नहीं होगा। NCP-SP पार्टी के प्रमुख शरद पवार ने इन सभी अटकलों और दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया है।
शरद पवार ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी दोनों ही साल 1997-1999 से साथ मिलकर काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि दोनों राजनीतिक दलों की विचारधारा बिल्कुल एक जैसी है, इसलिए पार्टी का विलय करने का कोई सवाल ही नहीं उठता।
उन्होंने साफ तौर पर कहा कि न तो उनकी पार्टी में कोई टूट होने जा रही है और न ही इसका कांग्रेस में विलय होगा। पिछले कुछ दिनों से महा विकास अघाड़ी (MVA) के गलियारों में चर्चा थी कि धर्मनिरपेक्ष ताकतों को मजबूत करने और वोटों का बिखराव रोकने के लिए दोनों पार्टियां एक हो सकती हैं।
बता दें कि महाराष्ट्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता विजय वडेट्टीवार और अन्य नेताओं की ओर से दावा किया गया था कि विलय को लेकर दिल्ली में हाईकमान के साथ बातचीत अंतिम दौर में है। इन दावों को शरद पवार ने खारिज कर दिया है।








