RCB vs GT IPL Final 2026: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम ने आईपीएल 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है। फाइनल मुकाबले में गुजरात टाइटंस की टीम को 5 विकेट से मात देने के साथ लगातार दूसरी बार इस खिताब को अपने नाम कर लिया।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम का फाइनल मुकाबले में सामना गुजरात टाइटंस की टीम से था जिसमें उन्हें 156 रनों का टारगेट मिला था जिसे वह 18 ओवर्स में अपने नाम 5 विकेट के नुकसान पर करने में कामयाब रहे। इस मैच में विराट कोहली का बल्ले से कमाल देखने को मिला जिन्होंने टारगेट का पीछा करते हुए शानदार अर्धशतकीय पारी खेली और आखिर तक आउट नहीं हुए।
गुजरात टाइटंस के खिलाफ फाइनल मैच में आरसीबी की टीम को जीत हासिल करने के लिए सिर्फ 156 रनों का टारगेट मिला था, जिसका पीछा करने के लिए उनकी तरफ से विराट कोहली के साथ वेंकटेश अय्यर की जोड़ी ओपनिंग करने उतरी थी, जिसमें दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 62 रनों की साझेदारी सिर्फ 4.3 ओवर्स में देखने को मिली। इस साझेदारी के दम पर आरसीबी ने शुरू में ही ये फाइनल मुकाबला एकतरफा कर दिया था। वेंकटेश अय्यर 16 गेंदों में 32 रनों की पारी खेलने के बाद मोहम्मद सिराज का शिकार बने। इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरे देवदत्त पडिक्कल कुछ खास नहीं कर सके और सिर्फ एक रन बनाकर आउट हो गए। वहीं आरसीबी कप्तान रजत पाटीदार 15 और क्रुणाल पांड्या भी सिर्फ एक रन बनाकर अपना विकेट गंवा बैठे।
आरसीबी की टीम ने टारगेट का पीछा करते हुए 91 के स्कोर तक अपने चार विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद विराट कोहली जो एक छोर को संभाले हुए थे उन्हें टिम डेविड का साथ मिला। दोनों ने इस मैच में पांचवें विकेट के लिए 41 रनों की साझेदारी देखने को मिली। टिम डेविड इस मैच में 24 रन बनाकर पवेलियन लौटे। विराट कोहली के बल्ले से फाइनल में 75 रनों की नाबाद पारी देखने को मिली। गुजरात टाइटंस की तरफ से फाइनल मुकाबले में राशिद खान ने 2 जबकि सिराज, अरशद खान और रबाडा ने एक-एक विकेट हासिल किया।







