नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल में राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ने वाले धावकों गुरिंदरवीर सिंह और अनिमेष कुजूर से रविवार को बातचीत की और कहा कि राष्ट्रीय वरिष्ठ एथलेटिक्स महासंघ प्रतियोगिता में पुरुषों की 100 मीटर दौड़ की पूरे देश में चर्चा हो रही है।
प्रधानमंत्री के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के दौरान यह बातचीत हुई। इसमें मोदी ने झारखंड के रांची में हाल में संपन्न प्रतियोगिता में विभिन्न स्पर्धाओं में नए राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाने वाले खिलाड़ियों के प्रदर्शन का उल्लेख किया।उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता में चार अलग-अलग स्पर्धाओं में चार राष्ट्रीय रिकॉर्ड टूटे।
मोदी ने कहा, ‘‘गुरिंदरवीर सिंह, विशाल टीके, तेजस्विन शंकर, देव मीणा और कुलदीप कुमार. इन साथियों ने अलग-अलग श्रेणियों में नए रिकॉर्ड बनाए. मैं सबसे पहले तो इन सभी को बहुत-बहुत बधाई देता हूं।”
उन्होंने कहा, ‘‘एक स्पर्धा जिसकी पूरे देश में बहुत चर्चा हो रही है, वह है 100 मीटर दौड़। सिर्फ दो दिन के भीतर पुरुषों की 100 मीटर दौड़ का राष्ट्रीय रिकॉर्ड तीन बार टूटा।यह उपलब्धि हासिल करने वाले दो खिलाड़ी गुरिंदरवीर सिंह और अनिमेष कुजूर हैं।
इसके बाद दोनों खिलाड़ियों ने रेडियो कार्यक्रम के दौरान अपनी खेल यात्रा और अनुभव साझा किए। मोदी ने कहा, ‘‘गुरिंदरवीर सिंह और अनिमेष कुजूर के साथ यह बातचीत बहुत खास रही, जिससे यह झलक मिलती है कि भारतीय एथलेटिक्स का भविष्य बहुत उज्ज्वल है। “
केरल के आलुवा में साजी वलाशेरिल द्वारा संचालित तैराकी क्लब का उल्लेख करते हुए मोदी ने कहा कि वहां दिव्यांग लोगों सहित 15,000 से अधिक लोगों ने तैराकी सीखी है। उन्होंने कहा, ‘‘साजी ने दिव्यांग बच्चों को भी तैराकी सिखाई है. इस प्रयास के पीछे एक पीड़ा भी छिपी है।’’
प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ वर्ष पहले एक नाव हादसे में कई विद्यार्थियों की मौत होने के बाद साजी ने यह पहल शुरू की थी। मोदी ने कहा, उस घटना ने साजी को भीतर तक झकझोर दिया। उन्होंने सोचा, अगर बच्चों को तैरना आता होता, तो शायद कई जानें बच जातीं – बस यहीं से शुरू हुआ उनका ये अभियान।
मोदी ने देशभर में तापमान बढ़ने के मद्देनजर लोगों से पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहने की भी अपील की। उन्होंने कहा, ‘‘देश के कई हिस्सों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें।अगर धूप में बाहर निकलना जरूरी हो, तो सावधानी और जरूरी एहतियात बरतें।
उन्होंने कहा, ‘‘पानी पीते रहें. इस संबंध में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों को भी न भूलें।”







