उत्तराखंड में सड़कों पर नहीं होने देंगे नमाज, कानून व्यवस्था से समझौता बर्दाश्त नहीं, सीएम धामी का बयान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून: उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी भी यूपी के सीएम योगी की राह पर चल पड़े हैं। सीएम धामी ने सार्वजनिक सड़कों पर नमाज पढ़ने के मामले पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने साफ कहा कि ‘देवभूमि में सड़कों पर नमाज नहीं होने देंगे। किसी भी धार्मिक गतिविधि के नाम पर आम लोगों की आवाजाही बाधित नहीं होने दी जाएगी। प्रदेश में कानून सर्वोपरि है और कोई भी व्यक्ति या समूह नियमों से ऊपर नहीं हो सकता।

उन्होंने एक कांग्रेस नेता के बयान का जिक्र किया। सीएम धामी ने कहा कि कांग्रेस के एक बड़े नेता ने कहा था कि ‘सड़कों पर नमाज पढ़ने देना चाहिए। जिस पर हमने कहा कि नमाज जिस स्थान पर पढ़ी जाती है, वहीं पर नमाज होनी चाहिए।यह व्यवस्था है, इसे बिगाड़ने का किसी को अधिकार नहीं है’।

सीएम धामी ने कहा कि इस समय चारधाम यात्रा पूरे चरम पर है। देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु उत्तराखंड पहुंच रहे हैं। ऐसे में सरकार की प्राथमिकता राज्य में शांति, सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि ‘सड़कें आम जनता के उपयोग के लिए हैं, इसलिए उन्हें धार्मिक आयोजन या प्रदर्शन का माध्यम नहीं बनाया जा सकता।

सीएम पुष्कर धामी ने कहा कि नमाज मस्जिदों, ईदगाहों और प्रशासन की ओर से तय स्थानों पर ही अदा की जानी चाहिए। सार्वजनिक स्थलों पर रास्ता रोककर लोगों को असुविधा पहुंचाना किसी भी हाल में उचित नहीं है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘कुछ राजनीतिक दल तुष्टिकरण की राजनीति के तहत सड़क पर नमाज को समर्थन दे रहे हैं, लेकिन राज्य सरकार इस मामले में पूरी तरह स्पष्ट नीति पर काम कर रही है।

धामी ने चेतावनी दी कि सार्वजनिक व्यवस्था बिगाड़ने और सड़कों को बाधित करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति, परंपरा और सामाजिक सौहार्द से खिलवाड़ किसी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial