पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए बीजेपी ने आज अपना संकल्प पत्र जारी कर दिया है। संकल्प पत्र में बीजेपी ने बड़े वादे किए हैं। संकल्प पत्र को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कोलकाता के होटल नोवोटेल में जारी किया।
बीजेपी ने अपने घोषणापत्र को ‘भरोसे का शपथ पत्र’ बताया है। अमित शाह ने इस मौके पर कहा कि बीजेपी ने 2026 विधानसभा चुनाव के लिए संकल्प पत्र जारी किया है। उन्होंने कहा कि यह बंगाल के हर तबके के बीच व्याप्त निराशा से बाहर निकलने का मार्ग है। किसान, बेरोजगार और भय से त्रस्त महिलाओं को भी मार्ग दिखाया। बंगाल की संस्कृति को भी नई उम्मीद के साथ विकसित भारत के विजन को भी संकल्प पत्र में शामिल किया गया है।
घोषणा पत्र में महिलाओं के लिए आर्थिक मदद और अवैध घुसपैठ पर विशेष फोकस किया गया है। राज्य में 6 महीने के अंदर UCC लागू करने का ऐलान किया गया है।
अमित शाह ने इस मौके पर कहा कि बंगाल की जनता को गहरी निराशा से निकालने का रास्ता है बीजेपी का संकल्प पत्र। शाह ने दावा किया कि इस घोषणा पत्र में विकसित बंगाल का पूरा रोडमैप शामिल है। सबसे अहम बात ये है कि बीजेपी ने घोषणा पत्र में बंगाल के लिए अपना खजाना खोल दिया है। महिलाओं को 3 हजार रुपये महीना देने का ऐलान हुआ है। साथ ही 6 महीने के अंदर UCC लागू करने का भी वादा बीजेपी ने किया है। इसके साथ ही सातवां वेतन आयोग और केंद्र की तमाम योजनाओं को बंगाल में लागू किए जाने की बात इसमें शामिल है।
इसके अलावा सभी सरकारी कर्मचारियों और वेतनभोगियों के लिए DA सुनिश्चित किया जाएगा, और 45 दिनों के भीतर ही सातवें वेतन आयोग को लागू कर सभी कर्मचारियों का सम्मान नई बनने वाली भाजपा सरकार करेगी।
इस भाजपा के संकल्प पत्र के आधार पर चलने वाले अगले पांच साल बंगाल के विकास का रास्ता खोलेंगे।जहां मन भयमुक्त हो और सिर गर्व से ऊंचा हो, गुरुवर टैगोर की कल्पना को हम निश्चित रूप से जमीन पर उतारने का प्रयास करेंगे।
अमित शाह ने कहा कि जिन आशाओं के साथ बंगाल की जनता ने ममता दीदी को सत्ता दी थी, वही जनता आज भयभीत है, निराश है और मन से परिवर्तन चाहती है।










