अमेरिका-इजराइल-ईरान युद्ध का आज सोमवार को 38 दिन हो गए हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप रोज़ कोई न कोई धमकी देते रहते हैं लेकिन ईरान पर इन धमकियों का कोई असर पड़ता नज़र नहीं आ रहा है। ट्रंप ने कहा है कि अगर तेहरान की सरकार सोमवार की डेडलाइन तक होर्मुज स्ट्रेट को फिर से नहीं खोलती है, तो वे ईरान के जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर पर हमला करेंगे लेकिन, उन्होंने सोमवार को ईरान के साथ बातचीत में कुछ कामयाबी का भी संकेत दिया।
फॉक्स न्यूज से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि ईरान के साथ डील होने की ‘अच्छी संभावना’ है। इससे पहले रविवार को सोशल मीडिया पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि मंगलवार ईरान में ‘पावर प्लांट डे, और ब्रिज डे, सब एक साथ होगा।
ईरान के सेंट्रल मिलिट्री कमांड ने ट्रंप की उस धमकी को खारिज कर दिया है जिसमें उन्होंने कहा था कि अगर देश 48 घंटे के अंदर शांति समझौते को स्वीकार नहीं करता है तो देश के जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर को नष्ट कर दिया जाएगा। ट्रंप के सोशल मीडिया पोस्ट की धार्मिक भाषा को दोहराते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि इस संदेश का सीधा सा मतलब है कि तुम्हारे लिए जहन्नुम के दरवाजे खुल जाएंगे।










