असम विधानसभा चुनाव की सरगरमियाँ ज़ोरों पर है।इसी के मद्देनजर बीजेपी ने आज गुरुवार को उम्मीदवारों की अपनी पहली लिस्ट जारी कर दी है। पहली लिस्ट में 88 प्रत्याशियों के नाम का ऐलान किया गया है। हालांकि इस लिस्ट में दलबदलुओं पर काफी भरोसा जताया गया है. एक दिन पहले कांग्रेस छोड़ कर बीजेपी में शामिल हुए प्रद्युत बारदोलोई को भी टिकट दिया गया है।वह दिसपुर सीट से चुनाव लड़ेंगे। जबकि सीएम हिमंता बिस्वा सरमा अपनी जालुकबारी सीट से ही चुनाव लड़ रहे हैं।
बीजेपी की पहली लिस्ट में 88 उम्मीदवारों में भूपेन बोरा का भी नाम शामिल है। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष बोरा भी पिछले दिनों कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में आए थे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रद्युत बारदोलोई ने कल बुधवार को कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया और बीजेपी में शामिल हो गए। उन्हें दिसपुर से बीजेपी के टिकट पर उतारा गया है। पार्टी ने इस लिस्ट में 18 विधायकों के टिकट भी काट दिए हैं जिसमें कुछ मंत्री भी शामिल हैं।
इसके अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री रामेश्वर तेली को भी टिकट दिया गया है। अभी तेली राज्यसभा सांसद हैं, लेकिन उनका कार्यकाल खत्म हो रहा है और उन्हें फिर से राज्यसभा नहीं भेजा गया है। उन्हें असम की दुलियाजन विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। 88 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट में सिर्फ 6 महिलाओं को ही टिकट दिया है।
धुबरी से उत्तम प्रसाद, बिरसिंग जरूआ से माधवी दास, गोलपारा पश्चिम से पबित्र राभा और दुधनई से टंकेश्वर राभा को टिकट दिया है। वहीं, अभयपुरी से भूपेन रॉय, बिजनी से अरूप कुमार डे, भवानीपुर-सोरभोग से रंजीत कुमार दास, मंडिया से बादल चंद्र आर्य, चमरिया से ज्योत्स्ना कलिता और बोको-चायगांव से राजू मेच को उम्मीदवार बनाया गया है।









