जामिया मिल्लिया यूनिवर्सिटी के नाम पर वायरल ‘निकाह’ वाला नोटिस निकला फर्जी, साइबर सेल में शिकायत दर्ज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली: जामिया मिलिया इस्लामिया में रमजान के पाक महीने में सोशल मीडिया पर वायरल एक नोटिफिकेशन को विश्वविद्यालय प्रशासन ने पूरी तरह फर्जी और भ्रामक बताया है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विश्वविद्यालय की ओर से ऐसा कोई आदेश जारी नहीं किया गया है, जिसमें छात्र-छात्राओं के साथ खड़े होने पर किसी प्रकार की कार्रवाई या निकाह कराने जैसी बात कही गई हो. विश्वविद्यालय प्रशासन ने दिल्ली पुलिस की साइबर सेल में शिकायत दर्ज करा दी है.

क्या है वायरल नोटिस ? 
दरअसल, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर 20 फरवरी 2026 की तारीख वाला एक पत्र तेजी से वायरल हो रहा है. इस नोटिस में दावा किया गया है कि रमजान के दौरान यदि कोई “कपल” (लड़का और लड़की) परिसर में साथ खड़ा पाया जाता है तो उनका तुरंत निकाह करा दिया जाएगा. साथ ही यह भी लिखा गया है कि नियम का उल्लंघन करने पर संबंधित जोड़े को अपने ‘वलीमा’ की व्यवस्था स्वयं करनी होगी. इस अजीबोगरीब और असामान्य आदेश को देखकर छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के बीच हैरानी की स्थिति पैदा हो गई. कई लोगों ने इसे विश्वविद्यालय की गरिमा के विपरीत बताते हुए इसकी सत्यता पर सवाल उठाए.

विश्वविद्यालय का आधिकारिक बयान
रजिस्ट्रार कार्यालय की ओर से जारी आधिकारिक पत्र में साफ कहा गया है कि यह नोटिफिकेशन पूरी तरह फर्जी है और इसे विश्वविद्यालय की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से तैयार कर वायरल किया गया है. प्रशासन ने कहा कि जामिया मिलिया इस्लामिया एक प्रतिष्ठित केंद्रीय विश्वविद्यालय है और इस तरह के भ्रामक पत्र संस्थान की साख को नुकसान पहुंचाने की कोशिश हैं. विश्वविद्यालय ने छात्रों, शिक्षकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वह किसी भी सूचना पर विश्वास करने से पहले विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट या प्रामाणिक स्रोतों से उसकी पुष्टि जरूर करें.

साइबर सेल में शिकायत
मामले को गंभीरता से लेते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने दिल्ली पुलिस की साइबर सेल में शिकायत दर्ज करा दी है. प्रशासन का कहना है कि फर्जी सूचना फैलाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल, विश्वविद्यालय परिसर में शैक्षणिक गतिविधियां सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं. प्रशासन ने दोहराया है कि छात्रों को अफवाहों से दूर रहना चाहिए और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करना चाहिए.

 

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial