नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फरवरी के आखिरी रविवार को अपने चर्चित रेडियो कार्यक्रम मन की बात में विभिन विषयों पर चर्चा की. इसमें उन्होंने दिल्ली में आयोजित ग्लोबल एआई समिट की चर्चा की. इसके साथ ही अंगदान करने पर जोर दिया. इस दौरान उन्होंने केरल की एक मासूम आलिन शेरीन अब्राहम का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि वह लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है.
इस मौके पर उन्होंने कहा कि ग्लोबल एआई समिट में देश की ताकत दिखी. एआई समिट से दुनिया को फायदा होगा. पीएम मोदी ने कहा, ‘समिट में मुझे दुनिया के लीडर्स और टेक सीईओ से मिलने का मौका मिला. एआई समिट एग्जिबिशन में मैंने दुनिया के लीडर्स को बहुत सी चीजें दिखाई.
इस समिट में बताया गया कि कैसे एआई जानवरों के इलाज में हमारी मदद कर रहा है. और कैसे किसान चौबीसो घंटे और सातो दिन एआई असिस्टेंस की मदद से अपनी डेयरी और जानवरों पर नजर रखते हैं.’
उन्होंने अंगदान पर भी जोर दिया. इसे लेकर उन्होंने केरल की छोटी बच्ची का जिक्र किया. पीएम मोदी ने कहा, ‘किसी भी माता-पिता के लिए अपने बच्चे को खोने से बड़ा कोई दुख नहीं होता. बहुत छोटे बच्चे को खोने का दर्द और भी गहरा होता है. कुछ दिन पहले ही हमने केरल की एक छोटी सी मासूम बच्ची आलिन शेरीन अब्राहम को खो दिया.
प्रधानमंत्री मोदी ने आगे कहा, ‘आजादी के अमृत महोत्सव के दौरान मैंने लाल किले से ‘पंच-प्राण’ की बात की थी. उनमें से एक है गुलामी की मानसिकता से आजादी. आज देश गुलामी की निशानियों को पीछे छोड़ रहा है और भारतीय संस्कृति से जुड़ी निशानियों को महत्व देने लगा है. कल 23 फरवरी को राष्ट्रपति भवन में राजाजी महोत्सव मनाया जाएगा. यह प्रदर्शनी 24 फरवरी से 1 मार्च तक चलेगी.’










