नई दिल्ली: क्रिकेट के प्रति दीवानगी रखने वाले युवाओं के लिए अब तकनीक एक नया वरदान लेकर आई है. दिल्ली के भारत मंडपम में चल रहे इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026 में गूगल के पैवेलियन ने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा है. यहां एक ऐसा एआई कोच पेश किया गया है, जो न सिर्फ आपकी बल्लेबाजी की कमियां पकड़ता है, बल्कि रीयल-टाइम में एक पेशेवर कोच की तरह सुधार के टिप्स भी देता है. आपकी बैटिंग में कहां चूक हुई, क्या सुधार की जरूरत है सबकी सटीक जानकारी देगा, बस आप उस पर अमल कर सुधार करते रहें.
गूगल द्वारा विकसित इस एआई सिस्टम के लिए एक्सपो सेंटर में एक विशेष क्रिकेट पिच तैयार की गई है. इस पीच पर जब हमने ट्रायल किया तो दो मिनट में गूगल के एआई कोच ने हमें अपना टिप दे डाला. यहां आने वाले युवा खिलाड़ियों को बल्लेबाजी का मौका दिया जा रहा है. जैसे ही खिलाड़ी शॉट खेलता है, सामने लगे हाई-डेफिनिशन कैमरे और सेंसर खिलाड़ी के पैर की स्थिति (फुट वर्क), सिर का संतुलन (हेड पोजीशन) और बल्ले के स्विंग का सूक्ष्म विश्लेषण कर जानकारी दे देता है. शॉट खत्म होते ही स्क्रीन पर एआई कोच की रिपोर्ट आ जाती है. यह एआई तकनीक बताती है कि क्या शॉट चयन सही था या गेंद की लाइन के हिसाब से कोई और शॉट बेहतर हो सकता था.
यह तकनीक भारत के दूर-दराज के इलाकों में छिपी प्रतिभाओं के लिए गेम-चेंजर साबित होगी. जहां अच्छे कोच उपलब्ध नहीं हैं, वहां यह एआई कोच एक मार्गदर्शक की भूमिका निभाएगा.
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस अब केवल फाइलों तक सीमित नहीं है, यह खेल के मैदान पर उतरकर भारत की अगली पीढ़ी के चैंपियन तैयार करने में मदद कर रहा है.










