राजस्थान: खैरथल जिले के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया. यहां एक फैक्ट्री में भीषण धमाके के बाद लगी आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिसकी चपेट में आने से 7 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई. इस घटना के बाद पूरे औद्योगिक क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल है.
अभी भी कई मजदूर लापता हैं और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। हादसे के वक्त फैक्ट्री में 25 मजदूर थे।
सूचना मिलते ही आधा दर्जन से अधिक दमकल की गाड़ियां मौके पर भेजी गईं. फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में गत्ते का स्टॉक जमा था, जिसके कारण आग बुझाने में दमकल कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी. सुरक्षा के लिहाज से आसपास की अन्य फैक्ट्रियों को भी खाली करा लिया गया और क्षेत्र की बिजली आपूर्ति काट दी गई. घंटों की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया.
जांच के आदेश:
आग लगने के कारणों की जांच प्रारंभ कर दी गई है। प्रशासन ने घटना की मजिस्ट्रेट जांच के संकेत दिए हैं। औद्योगिक क्षेत्र में शोक एवं दहशत का माहौल व्याप्त है।
सीएम भजनलाल शर्मा ने जताया दुख:
सीएम भजनलाल शर्मा ने इस हादसे पर दुख जताते हुए एक्स पर लिखा, “भिवाड़ी के खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में फैक्ट्री में आग लगने से हुई जनहानि का समाचार अत्यंत दुःखद है। जिला प्रशासन को राहत व बचाव कार्य के लिए निर्देशित किया है। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। ॐ शांति!”










