देहरादून: आईपीएस प्रमेंद्र डोबाल ने आज एसएसपी देहरादून का पदभार संभाल लिया. पदभार संभालते ही एसएसपी ने पहले दिन अपनी प्राथमिकता बताई. उन्होंने महिला सुरक्षा, लॉ एंड आर्डर और यातायात सुधार की दिशा में ठोस प्रयास करने की बात कही. साथ ही पुलिसकर्मियों के मनोबल को ऊंचा रखते हुए कार्यक्षमता को बढ़ाने की बात प्रमेंद्र डोबाल ने कही. उन्होंने सामजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस का संदेश दिया.
देहरादून में बढ़ते अपराध, ट्रैफिक अव्यवस्था और महिला सुरक्षा को लेकर उठ रहे सवालों के प्रमेंद्र डोबाल ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में पुलिसिंग के तरीके में सख्ती और संवेदनशीलता दोनों दिखाई देगी.
हाल के दिनों में शहर में अपराध की घटनाओं और कानून व्यवस्था को लेकर बनी चिंता की स्थिति को देखते हुए पुलिस प्रशासन रणनीतिक बदलाव की तैयारी में है. हरिद्वार से ट्रांसफर होकर देहरादून पहुंचे प्रमेन्द्र डोबाल ने पदभार ग्रहण करने के बाद कहा कि देहरादून उनके लिए नया नहीं है. वो यहां की चुनौतियों से परिचित हैं.
उन्होंने स्वीकार किया कि कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन लंबे समय से शहर की प्रमुख चुनौतियां रही हैं. इन तीनों क्षेत्रों को उन्होंने अपनी प्राथमिकता बताते हुए कहा कि पुलिस की कार्यक्षमता को और मजबूत किया जाएगा. फोर्स का मनोबल ऊंचा रखा जाएगा.
डोबाल ने माना कि वर्तमान समय में लोगों के मन में जो ‘फियर फैक्टर’ या असुरक्षा की भावना बनी है, उसे दूर करना सबसे बड़ी जिम्मेदारी है. इसके लिए प्रभावी गश्त, त्वरित कार्रवाई और बेहतर समन्वय पर जोर दिया जाएगा. महिला सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान और ट्रैफिक प्रबंधन में सुधार के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे.










