नई दिल्ली: चुनाव आयोग ने दिल्ली के प्रशासनिक ढांचे में बड़ा फेरबदल किया है. आयोग ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अशोक कुमार को दिल्ली का नया मुख्य निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया है. सोमवार को निर्वाचन आयोग के सचिवालय की तरफ से इस संबंध में औपचारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है.
निर्वाचन आयोग के सचिवालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, वर्ष 2006 बैच के एजीएमयूटी कैडर के आईएएस अधिकारी अशोक कुमार वर्तमान मुख्य निर्वाचन अधिकारी आर. एलीस वाज का स्थान लेंगे.
कार्यभार संभालते ही छोड़ने होंगे पुराने पद: आदेश में स्पष्ट किया गया है कि अशोक कुमार जैसे ही मुख्य निर्वाचन अधिकारी का पदभार ग्रहण करेंगे, उन्हें दिल्ली सरकार के अधीन वर्तमान में उनके पास मौजूद अन्य सभी जिम्मेदारियों और प्रभारों से तत्काल मुक्त होना होगा. वे अपने नए पद पर अगले आदेश तक बने रहेंगे.
नए मुख्य निर्वाचन अधिकारी के सामने मतदाता सूची के पुनरीक्षण (SIR) और आगामी लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं को पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने की महत्वपूर्ण चुनौती होगी.










