बर्फ की चादर से ढके उत्तराखंड के पहाड़, खूबसूरत नजारों का लुत्फ उठा रहे हैं सैलानी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पिथौरागढ़/अल्मोड़ा: उत्तराखंड में कल हुई बर्फ बारी का सैलानी जमकर लुत्फ उठा रहे हैं.सीमांत जिला पिथौरागढ़ के निचले इलाकों में जहां बारिश हुई. वहीं मुनस्यारी चौकोड़ी धरमघर धारचूला के दारमा और व्यास घाटी में जमकर बर्फबारी हुई है. मुनस्यारी और चौकोड़ी में सीजन का पहला हिमपात हुआ है. ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात होने से पूरे जिले में कड़ाके की ठंड पड़ रही है. मुनस्यारी खलियाटॉप व अन्य ऊंची चोटियों के साथ ही धारचूला के आदि कैलाश, ओम पर्वत, गुंजी, कालापानी समेत अन्य इलाकों में भारी बर्फबारी हुई. सैलानी चौकोड़ी मुनस्यारी में हिमपात का जमकर लुत्फ उठा रहे हैं.

 मौसम को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं. एंबुलेंस समेत आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को अपडेट रखने को कहा है ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराई जा सके. इसके अलावा संचार और बिजली विभाग को भी अलर्ट मोड में रहने को कहा गया है.

अल्मोड़ा में शुक्रवार को मौसम की पहली बर्फबारी हुई है. अल्मोड़ा नगर सहित जिले के ऊंचाई वाले स्थानों में दोपहर के बाद बर्फबारी हुई. सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ था. आसमान में बादल और तेज हवाओं के कारण ठंड बढ़ी और दोपहर में बारिश के बाद बर्फबारी होने लगी. बर्फ गिरने के बाद से ठंड बढ़ गई है. जिले के जागेश्वर, बिनसर वन्यजीव, कसार देवी, मोरनौला और स्याही देवी में भी भारी बर्फबारी हुई. शाम तक द्वाराहाट क्षेत्र के दूनागिरि, पांडवखोली, रानीखेत के चौबटिया और लमगड़ा के शहरफाटक में भी बर्फबारी हुई.

बर्फबारी होने के बाद से प्रकृति ने सफेद चादर ओढ़ ली है. बर्फबारी के बाद बर्फीली हवाएं चलने के बाद से पूरे जिले के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है.

वहीं पहाड़ों की रानी’ मसूरी का कुदरत ने श्वेत श्रृंगार कर दिया है. ऐसा लग रहा है, मानो आसमान से रूई के फाहे गिर रहे हों. पूरी मसूरी सफेद चादर में लिपट गई है. चारों ओर बर्फ से ढकी फिजाएं मनमोहक नजारा पेश कर रही हैं. वहीं, मसूरी पहुंचे पर्यटक बर्फबारी का जमकर लुत्फ उठा रहे हैं.

देश के कोने-कोने से आए पर्यटक मसूरी में बर्फबारी का जमकर मजा ले रहे हैं. कई पर्यटकों ने बताया कि उन्होंने अपने जीवन में पहली बार बर्फबारी देखी है. यह अनुभव उनके लिए बेहद खास है. लोग बर्फ में मस्ती करते, तस्वीरें खिंचाते और वीडियो बनाते नजर आए. ताकि, इस यादगार पल को हमेशा के लिए संजो सकें.

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial