देहरादून में त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा की हत्या का मामला गरमाता जा रहा है. इस मामले पर अब कांग्रेस के नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का भी बयान आया है. राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट किया, जिसमें उन्होंने लिखा कि देहरादून में एंजेल चकमा और उनके भाई माइकल के साथ जो हुआ, वह एक भयानक नफरत का अपराध है.
राहुल गांधी ने एंजेल चकमा की हत्या के मामले का जिक्र करते हुए कहा कि नफरत रातों-रात पैदा नहीं होती. सालों से इसे रोज़ बढ़ावा दिया जा रहा है. खासकर हमारे युवाओं को ज़हरीले कंटेंट और गैर-ज़िम्मेदार कहानियों के ज़रिए, जबकि सत्ताधारी BJP के नफरत फैलाने वाले नेताओं द्वारा इसे नॉर्मल बनाया जा रहा है.
भारत सम्मान और एकता पर बना है, डर और गाली-गलौज पर नहीं. हम प्यार और विविधता का देश हैं. हमें एक ऐसा मरा हुआ समाज नहीं बनना चाहिए, जो अपने साथी भारतीयों को निशाना बनते हुए देखे और चुप रहे. हमें सोचना चाहिए और सामना करना चाहिए कि हम अपने देश को क्या बनने दे रहे हैं? मेरी संवेदनाएं चकमा परिवार, त्रिपुरा और नॉर्थ ईस्ट के लोगों के साथ हैं. हमें आपको अपना साथी भारतीय भाई-बहन कहने पर गर्व है.
राहुल गांधी, नेता कांग्रेस
वहीं इस मामले में पुलिस ने दो नाबालिग समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था. वहीं एक आरोपी नेपाल फरार हो गया था, जिसकी तलाश में देहरादून पुलिस की एक टीम को नेपाल भेजा गया है.
उधर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने आज खुद एंजेल चकमा के पिता से फ़ोन पर बात की और उन्हें भरोसा दिया कि दोषियों को किसी भी हालत में बक्शा नहीं जाएगा उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।










