देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को देहरादून में अग्निवीर भर्ती प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण किया. इस दौरान सीएम ने प्रशिक्षण व्यवस्थाओं का जायजा लिया. साथ ही कहा कि भविष्य में वो प्रदेश के सभी जिलों में भ्रमण के दौरान अग्निवीर भर्ती प्रशिक्षण केंद्रों का निरीक्षण करेंगे.
निरीक्षण के दौरान सीएम ने अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं से सीधे संवाद कर उनके प्रशिक्षण अनुभव, दिनचर्या और चुनौतियों के बारे में जानकारी ली. साथ ही युवाओं से ये भी पूछा कि उन्हें प्रशिक्षण के दौरान किन-किन सुविधाओं की जरूरत महसूस हो रही है.
युवाओं का उत्साह बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री ने खुद भी प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित खेल गतिविधियों में भाग लिया और युवाओं के साथ संवाद कर उन्हें अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया.
सीएम ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि प्रशिक्षण कार्यक्रमों को समय-समय पर अपडेट किया जाए और विशेषज्ञ प्रशिक्षकों की सहायता से युवाओं को शारीरिक एवं मानसिक रूप से और अधिक मज़बूत बनाया जाए.
मुख्यमंत्री ने कहा कि अग्निवीर योजना देश के युवाओं के लिए एक सुनहरा अवसर है. यही वजह है कि राज्य सरकार की कोशिश है कि उत्तराखंड के युवा इस योजना के जरिए देश सेवा के साथ-साथ आत्मनिर्भर भी बनें. युवाओं को हर संभव सुविधा और मार्गदर्शन देना सरकार की प्राथमिकता है. .










