भाजपा में यूपी प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है. आज दोपहर 3 बजे तक नामांकन करने का समय था. लेकिन, तय समय तक सिर्फ भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने ही नामांकन भरा. ऐसे में पंकज चौधरी निर्विरोध बीजेपी के यूपी प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित हो गए हैं. लेकिन, अभी इसकी औपचारिक घोषणा नहीं की गई है.अब यूपी के बीजेपी अध्यक्ष की कमान पंकज चौधरी के हाथ में होगी।
भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी का उत्तर प्रदेश भाजपा का अगला अध्यक्ष बनने की पूरी संभावना है. उनका निर्विरोध चुना जाना लगभग निश्चित है. उन्होंने अपना नामांकन दाखिल कर दिया है. यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री कैशव मौर्य और ब्रजेश पाठक, पूर्व केंद्रीय मंत्री और सांसद स्मृति ईरानी, यूपी सरकार में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, सूर्य प्रताप शाही, सुरेश खन्ना और बेबी रानी मौर्य पंकज चौधरी के प्रस्तावक बने.
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता पंकज चौधरी उत्तर प्रदेश की महाराजगंज लोकसभा सीट से 7 बार सांसद चुने जा चुके हैं. वर्तमान में वे केंद्र सरकार में वित्त राज्य मंत्री के रूप में कार्यरत हैं. उनका जन्म 20 नवंबर 1964 को गोरखपुर में हुआ था. कुर्मी समुदाय से आने वाले चौधरी का परिवार राजनीतिक पृष्ठभूमि से जुड़ा है. उनकी माता उज्ज्वल चौधरी महाराजगंज जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकी हैं.
प्रदेश अध्यक्ष के पद को लेकर कई नाम पिछले कुछ दिनों से लाइमलाइट में थे। उनमें सबसे आगे केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी का नाम था. इसके अलावा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, एमएलसी विद्यासागर सोनकर, मंत्री धर्मपाल सिंह, बीएल वर्मा, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और साध्वी निरंजन ज्योति भी इस रेस में शामिल थे. ब्राह्मण चेहरे के तौर पर विजय बहादुर पाठक, दिनेश शर्मा और हरीश द्विवेदी का नाम भी चल रहा था।










