नैनीताल: मुख्यंमत्री पुष्कर सिंह धामी ने लेटीबुंगा मैदान में नैनीताल को करीब 122 करोड़ रुपए की योजनाओं की सौगात दी. सीएम धामी ने कुल 17 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया. इस मौके पर उन्होंने स्थानीय जनता को भी संबोधित किया.
जनता को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने कहा कि भीमताल विधानसभा सहित पूरे नैनीताल जिले के समग्र विकास के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है. क्षेत्रीय विधायक द्वारा उठाए गए मुख्य मार्ग-10 की खराब स्थिति पर तत्काल संज्ञान लेते हुए लगभग 9.5 करोड़ रुपये सड़क पुनर्निर्माण हेतु स्वीकृत किए गए हैं.
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि केंद्र सरकार के मार्गदर्शन में उत्तराखंड आज विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है. सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल सहित सभी क्षेत्रों में तेज़ी से इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि कैंची धाम, नैना देवी मंदिर और मुक्तेश्वर धाम सहित सभी पौराणिक मंदिरों का पुनरोद्धार कार्य मिशन मोड में चल रहा है.
उन्होंने कहा कि पहाड़ों से पलायन रोकने के लिए एक जनपद दो उत्पाद, हाउस ऑफ हिमालयाज, स्टेट मिलेट मिशन, होमस्टे और वेड इन उत्तराखंड जैसी योजनाएं स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा दे रही हैं. पलायन आयोग की नवीन रिपोर्ट में रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशथ की बढ़ोतरी, बेरोजगारी दर में 4.4% कमी के साथ ही नीति आयोग के SDG इंडेक्स में देश में प्रथम स्थान उत्तराखंड को प्राप्त हुआ है.










