दिल्ली में अब 11 नहीं 13 जिले होंगे, रेखा गुप्ता सरकार ने दी मंजूरी, दिल्ली के प्रशासनिक ढांचे को मजबूत बनाना हमारा मक़सद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ने राजधानी में प्रशासनिक कार्यों को अधिक कुशल, सुगम और नागरिक केंद्रित बनाने की दिशा में एक बड़ा और ऐतिहासिक निर्णय लिया है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में दिल्ली के मौजूदा 11 राजस्व जिलों का पुनर्गठन करते हुए 13 नए राजस्व जिलों के गठन को मंजूरी दे दी है. यह निर्णय शासन को सरल, पारदर्शी और समन्वित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण सुधार माना जा रहा है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि “दिल्ली के प्रशासनिक ढांचे को मजबूत बनाने का यह निर्णय वर्षों से लंबित था, जिसे किसी भी सरकार ने निपटाने का प्रयास नहीं किया. सरकार ने मात्र 10 माह में इस लक्ष्य को पूरा कर दिखाया.

नई संरचना के तहत 11 जिलों को बढ़ाकर 13 और 33 सब-डिविजन को बढ़ाकर 39 सब-डिविजन किया जा रहा है. इससे अधिकारियों पर कार्यभार संतुलित होगा और नागरिकों को सेवाएं अधिक त्वरित मिलेंगी. दिल्ली सरकार सभी 13 जिलों में आधुनिक, बहु-विभागीय ‘मिनी सचिवालय’ स्थापित करेगी, जहाँ नागरिकों को एक ही स्थान पर राजस्व कार्यालय, एसडीएम, एडीएम, तहसील, उप-पंजीयक कार्यालय समेत अनेक सेवाएं उपलब्ध होंगी. कई विभागों के दफ़्तर अलग-अलग इमारतों में होने से नागरिकों को भारी असुविधा होती थी. मिनी सचिवालय बनने से सेवाएं एक ही परिसर में मिलने लगेंगी, समन्वय बढ़ेगा और जिलाधिकारियों द्वारा निगरानी व समीक्षा अधिक प्रभावी हो जाएगी।

बीजेपी सरकार का मानना है कि जिला प्रशासन किसी भी शासन का केंद्र बिंदु होता है और जनता के जीवन में सरकार की सबसे नज़दीकी इकाई है. दिल्ली की तेज़ी से बढ़ती आबादी, निर्माण गतिविधियों, शहरी विस्तार और नागरिक सेवाओं की जटिलताओं को देखते हुए जिला प्रशासन को और अधिक संगठित, प्रभावी और जवाबदेह बनाना समय की जरूरत था.इसी मकसद से अब दिल्ली में 11 की जगह 13 जिलों का गठन किया जा रहा है.

संपत्ति पंजीकरण को सुचारू और पारदर्शी बनाने के लिए सब-रजिस्ट्रार कार्यालयों की संख्या 22 से बढ़ाकर 39 की जा रही है. इन कार्यालयों की सीमाओं को भी सब-डिविजन के साथ पूरी तरह से मेल कराया जाएगा. इससे भूमि रिकॉर्ड प्रबंधन और डिजिटलीकरण में तेजी आएगी और नागरिकों को दूर-दूर जाकर पंजीकरण नहीं कराना पड़ेगा.

जिलों के नाम – उसके अधीन आने वाले सब डिवीजन

  1. दक्षिण पूर्व – बदरपुर, जंगपुरा, कालकाजी
  2. पुरानी दिल्ली – सदर बाजार, चांदनी चौक
  3. उत्तर जिला – बुराड़ी, आदर्श नगर, बादली
  4. नई दिल्ली – दिल्ली कैंट, नई दिल्ली
  5. सेंट्रल जिला – पटेल नगर, करोलबाग
  6. सेंट्रल नार्थ जिला – शकूरबस्ती, शालीमार बाग, मॉडल टाउन
  7. साउथ वेस्ट जिला – नजफगढ़, मटियाला, द्वारका, बिजवासन
  8. आउटर नॉर्थ जिला – मुंडका, नरेला, बवाना
  9. नॉर्थ वेस्ट जिला – किरारी, नांगलोई जाट, रोहिणी
  10. नॉर्थ ईस्ट जिला – करावल नगर, गोकुलपुरी, यमुना विहार, शाहदरा
  11. ईस्ट जिला – गांधी नगर, विश्वास नगर, पटपड़गंज
  12. साउथ जिला – छतरपुर, मालवीय नगर, देवली, महरौली
  13. वेस्ट जिला – विकासपुरी, जनकपुरी, राजौरी गार्डन
News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial