शादी तो बड़ी धूमधाम से हुई मगर रिस्पेशन में दूल्हा-दुल्हन शामिल नहीं हो सके। शादी के बाद रिस्पेशन की तैयारी थी. हॉल बुक था, रिश्तेदार आ चुके थे. बस दूल्हा-दुल्हन का इंतज़ार था. लेकिन तभी इंडिगो एयरलाइंस की एक चूक ने सब कुछ गड़बड़ कर दिया. फ्लाइट कैंसिल हुई और दूल्हा-दुल्हन हजारों किलोमीटर दूर फंस गए. लेकिन, घरवालों ने हार नहीं मानी. तकनीक का शानदार इस्तेमाल किया. दूल्हा-दुल्हन को लोगों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आशीर्वाद दिए.
दरअसल हुबली की मेधा क्षीरसागर और ओडिशा के भुवनेश्वर संग्राम दास, बेंगलुरु में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं. एक-दूसरे से प्यार करते थे. दोनों परिवारवालों की रजामंदी के बाद 23 नवंबर को भुवनेश्वर में दोनों की शादी हुई. शादी के बाद रिसेप्शन का आयोजन किया गया था.रिसेप्शन की ज़बरदस्त् तैयारियां की गई थीं. रिश्तेदार आ चुके थे- बस दूल्हा-दुल्हन का इंतज़ार था. लेकिन, उनकी फ्लाइट कैंसिल हो गयी.
घरवालों ने हार नहीं मानी. तकनीक का शानदार इस्तेमाल किया. हुबली में मंच पर दूल्हा-दुल्हन की जगह उनके माता-पिता बैठे. उधर भुवनेश्वर में दूल्हा-दुल्हन ऑनलाइन तैयार होकर शामिल हुए. ऑनलाइन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए रिसेप्शन में पूरे समय शामिल रहे. जो रिश्तेदार आए थे, उन्होंने दूल्हा-दुल्हन से वर्चुअली (वीडियो कॉल पर) मुलाक़ात की और उन्हें आशीर्वाद दिया.










