देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में पहली बार अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के 71वां राष्ट्रीय अधिवेशन का आयोजन हो रहा है.इस राष्ट्रीय अधिवेशन में देश भर से 1500 प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं. एबीवीपी के इस 71वें राष्ट्रीय अधिवेशन में उत्तराखंड की संस्कृति को बेहतर ढंग से प्रेजेंट किया गया है.
अधिवेशन परिसर में बदरीनाथ धाम और केदारनाथ धाम मंदिर की कलाकृति बनाई गई है. इसके अलावा, उत्तराखंड की संस्कृति को दिखाने के लिए उत्तराखंड व्यंजन, उत्तराखंड पहनावा, उत्तराखंड कलाकृति समेत तमाम चीजों के स्टाल और प्रदर्शनी भी लगाया गया है.
देहरादून स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के इस राष्ट्रीय अधिवेशन में देश भर से 1500 प्रतिनिधि शामिल हुए हैं. ऐसे में अन्य राज्यों से आए प्रतिनिधि जो उत्तराखंड राज्य में पहली बार आए हैं उनको उत्तराखंड की संस्कृति और परिसर में बनी कलाकृतियां काफी अधिक पसंद आ रही है.
ABVP के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. रघुराज किशोर तिवारी ने कहा कि ABVP दुनिया का सबसे बड़ा छात्र संगठन है, जिसने 75 वर्ष पूरे करते हुए व्यक्ति निर्माण और छात्र शक्ति–राष्ट्र शक्ति के संकल्प को मजबूत किया है। उन्होंने कहा कि संगठन युवाओं को संकल्पित, संस्कारवान और संवेदनशील बनाने का कार्य कर रहा है।छात्र संगठन में शिक्षकों की भूमिका पर उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सही दिशा देने में शिक्षक अनिवार्य मार्गदर्शक हैं।










