सीएम धामी ने किया देहरादून ISBT का औचक निरीक्षण, गंदगी देख हुए नाराज, खुद झाड़ू लगाकर किया साफ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून आईएसबीटी पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया. सीएम के अचानक आईएसबीटी पहुंचने से प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया. निरीक्षण के दौरान सीएम धामी ने परिसर में स्वच्छता, यात्रियों की सुविधा, संचालन व्यवस्था और परिवहन प्रबंधन का बारीकी से जायजा लिया. वहीं, निरीक्षण के दौरान आईएसबीटी परिसर में कई स्थानों पर फैली गंदगी को देखकर कड़ी नाराजगी जाहिर की.

सीएम धामी ने झाड़ू थाम कर की सफाई: सीएम पुष्कर धामी ने कहा कि अंतरराज्यीय बस अड्डा देहरादून जैसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता में कोई भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. इस दौरान सीएम धामी ने खुद झाड़ू उठाकर सफाई भी की और अधिकारियों को संदेश दिया कि स्वच्छता अभियान केवल कागजों पर नहीं, बल्कि जमीन पर दिखाई देना चाहिए.

इसके साथ ही सीएम धामी ने परिवहन विभाग और एमडीडीए के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आईएसबीटी परिसर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए. हर स्थान पर स्वच्छता संबंधी सूचना पट पर लगाई जाए. इस पर विशेष ध्यान दिया जाए कि यात्रियों को प्रदूषण, कचरा और धूल से मुक्त वातावरण मिले.

वहीं, निरीक्षण के दौरान सीएम धामी ने एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी को विशेष रूप से निर्देश दिए कि आईएसबीटी में स्वच्छता और व्यवस्था सुधारने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर तत्काल उसको लागू किया जाए. निरीक्षण के दौरान उन्होंने बसों की संचालन व्यवस्था, टिकट काउंटर, प्रतीक्षालय, पेयजल सुविधाओं, शौचालयों, दुकानों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया.

वहीं, सीएम पुष्कर धामी ने अधिकारियों को सख्त लहजे में चेतावनी दी कि अगली बार निरीक्षण के दौरान आईएसबीटी की सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त दिखनी चाहिए. अगर ऐसा नहीं हुआ तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. उधर, सीएम धामी के औचक निरीक्षण से अधिकारियों में हड़कंप मचा रहा.

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial