पटना : बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए को प्रचंड बहुमत मिला है. वहीं दूसरी तरफ जिस प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज की काफी चर्चा थी उसको एक सीट भी नहीं मिली. हालांकि जन सुराज ने साफ कर दिया है कि वह पीछे नहीं हटेगी, लड़ाई जारी रहेगी.
इधर, प्रशांत किशोर ने एक वीडियो के साथ पोस्ट किया है, इतिहास हमेशा अभिमन्यु को याद रखता है. इस वीडियों में वह इंटरव्यू देते हुए कहते हैं कि, बिल्कुल संकल्पित हैं. 2 वर्ष लगे, 5 वर्ष लगे, 10 वर्ष लगे, सबकुछ जो जीवन में है उसे बिहार को सुधारने में लगाए हुए हैं और पीछे नहीं हटेंगे. कई लोग हमें कहते हैं कि भैया बड़ा कठिन काम ले लिए हैं. मेरे घरवाले, जानने वाले, दोस्त, सहयोगी सभी यही कहते हैं कि ये तो बहुत कठिन काम आपने ले लिया है. मैं कहता हूं कठिन है इसीलिए मुझे करना है. कोई दूसरा हिम्मत नहीं कर पाएगा.
‘मैं इसे करते हुए हार जाऊं, पराजित हो जाऊं. मैं हमेशा कहता हूं कि इतिहास हमेशा अभिमन्यु को याद रखता है. चक्रव्यूह में फंसकर मर भी गए तो भी अभिमन्यु की गाथा गायी जाती है, उनको घेरकर मारने वालों की गाथा नहीं गायी जाती है. बिहार को सुधारने के क्रम में अगर मेरा सबकुछ बर्बाद भी हो जाए तब भी मुझे कोई चिंता नहीं है. इस चक्रव्यूह में आए हैं तो जी कर निकलेंगे, या मर कर निकलेंगे, लेकिन पीछे नहीं हटेंगे.”– प्रशांत किशोर
‘जनसुराज का मानना है कि एनडीए को जो बहुमत मिला है, वह खरीदा गया जनादेश मिला है. 21 जून के बाद चुनाव खत्म होने तक एनडीए ने 40 हजार करोड़ रुपये खर्च करके यह बहुमत प्राप्त किया है. जनता के पैसे से जनता के वोटों को खरीदा गया और बिहार के भविष्य को बेचा गया.”- उदय सिंह, राष्ट्रीय अध्यक्ष, जन सुराज









