रविवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा पर करारा हमला बोला है. रायपुर पहुंचकर उन्होंने भाजपा की घुसपैठ वाली राजनीति पर पलटवार करते हुए कहा कि असल में भाजपा घूस यानी भ्रष्टाचार में डूबी हुई पार्टी है.
बीजेपी वाले नकली आधार कार्ड बना रहे: अखिलेश यादव ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा वाले नकली आधार कार्ड बना लेते हैं, अब तो मेटल का आधार बनाना चाहिए ताकि कोई फर्जी आधार कार्ड न बना सकें. उसके बाद अखिलेश रायपुर से ओडिशा में उपचुनाव प्रचार के लिए रवाना हो गए.
घुसपैठ नहीं, ‘घूस’ है बीजेपी का असली एजेंडा: अखिलेश यादव ने भाजपा की घुसपैठ संबंधी बयानबाजी पर तीखा पलटवार किया. उन्होंने कहा कि भाजपा हर चुनाव से पहले जनता का ध्यान असली मुद्दों से भटकाने के लिए “घुसपैठ” का मुद्दा उछालती है, जबकि असलियत में उसकी राजनीति “घूस” और भ्रष्टाचार पर टिकी है.
जब 11 साल से भाजपा की सरकार है, तो जितने घुसपैठिए आए हैं, उनकी जिम्मेदारी भी उन्हीं की है. घुसपैठ से ज़्यादा भाजपा को घूस की चिंता है. भाजपा को अब घुसपैठ नहीं, बल्कि अपने अंदर बैठे भ्रष्टाचारियों की पहचान करनी चाहिए।
“भाजपा वालों के पास नकली मशीन और नकली आधार”: अखिलेश यादव ने बूथ स्तर की ईवीएम और आधार कार्ड पर भी तंज कसा. उन्होंने कहा कि भाजपा वालों के पास बूथ पर नकली मशीन है, नकली आधार बना लेते हैं. अगर आधार इतना नकली हो सकता है तो अब मेटल का आधार बनाना चाहिए, ताकि कोई उसे नकली न बना पाए. अखिलेश यादव का यह व्यंग्य चुनावी माहौल में नया तंज बन गया है, जो भाजपा की ईमानदारी पर सीधा सवाल उठाता है.










