देहरादून: तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पहले दिन हरिद्वार स्थित पतंजलि विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को पदक से सम्मानित किया. इसके बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू हरिद्वार से देहरादून स्थित राष्ट्रपति भवन के लिए रवाना हो गईं. साथ ही राष्ट्रपति ने जनता के लिए राष्ट्रपति निकेतन के बाहर बने पैदल यात्री पुल और घुड़सवारी क्षेत्र का उद्घाटन किया. पैदल यात्री पुल, जो पैदल यात्रियों की सुरक्षा और पहुंच को बेहतर बनाएगा. साथ ही एक अत्याधुनिक घुड़सवारी क्षेत्र जो एक जीवंत विरासत परंपरा का प्रतीक है.

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति निकेतन के बाहर सड़क पर बने पैदल यात्री पुल का शुभारंभ किया. स्थानीय वास्तुकला आधारित ये नया फुट ओवर ब्रिज 105 फीट लंबा है, जो राजपुर रोड स्थित राष्ट्रपति निकेतन और राष्ट्रपति उद्यान को आसानी से आने जाने वाले लोगों के लिए बनाया गया है. उत्तराखंड लोक निर्माण विभाग की ओर से 9 करोड़ रुपए की लागत से 6 महीने के भीतर इस पुल का निर्माण किया गया है. इस पुल की खासियत यह है कि इस पुल का डिजाइन स्थानीय हिमालयी सौंदर्य और वास्तुकला को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है.










