देहरादून: उत्तराखंड के रजत जयंती वर्ष पर आयोजित दो दिवसीय विधानसभा के विशेष सत्र के पहले दिन आज सोमवार 3 नवंबर को सदन में कुछ खास रहने वाला है. तय कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रगान के बाद उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष की ओर से राष्ट्रपति के सम्मान में स्वागत भाषण दिया जाएगा.
इसके बाद राष्ट्रपति के सम्मान में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और फिर राज्यपाल गुरमीत सिंह भाषण देंगे. राष्ट्रपति के सम्मान में होने वाले भाषण के लिए पांच-पांच मिनट का समय तय किया गया है. इसके बाद, करीब 11:25 बजे उत्तराखंड विधानसभा में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का संबोधन होगा.
विधानसभा के विशेष सत्र का आज पहला दिन: उत्तराखंड विधानसभा में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संबोधन के बाद, राष्ट्रगान होगा. इसके बाद राष्ट्रपति नैनीताल के लिए रवाना हो जाएंगी. राष्ट्रपति के संबोधन के बाद उत्तराखंड विधानसभा की प्रक्रिया और कार्य संचालन नियमावली, 2005 के तहत कार्यवाही आगे बढ़ जाएगी. ऐसे में राज्य स्थापना के 25वें यानी रजत जयंती वर्ष के मद्देनजर राज्य की प्रगति और भविष्य के रोड मैप के सम्बन्ध में विशेष चर्चा की जाएगी.
दरअसल, विधानसभा के विशेष सत्र के लिए पहले ही उत्तराखंड शासन की ओर से रोड मैप तैयार किया जा चुका है. इसमें मुख्य रूप से पिछले 25 सालों के भीतर राज्य की ओर से हासिल की गई उपलब्धियां को जहां विधानसभा के सम्मुख रखा जाएगा, तो वहीं दूसरी ओर भविष्य के रोड मैप को लेकर विस्तृत रूप से चर्चा की जाएगी.










