सीवान: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के प्रचार अभियान के तहत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को सीवान जिले के बड़हरिया विधानसभा क्षेत्र के कैलगढ़ हाई स्कूल मैदान में पहुंचे. यहां उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए जदयू प्रत्याशी इंद्रदेव सिंह पटेल सहित जिले के आठों एनडीए प्रत्याशियों को भारी मतों से जिताने की अपील की. इस दौरान उन्होंने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, तेजस्वी यादव, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और बाहुबली शहाबुद्दीन के परिवार पर जमकर निशाना साधा.
लालू-राबड़ी के जंगलराज पर हमला: अमित शाह ने सीवान की धरती को देश के पहले राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की कर्मभूमि बताते हुए कहा अमित शाह ने कहा कि इस भूमि को लालू-राबड़ी के जंगलराज और शहाबुद्दीन के खौफ ने लहूलुहान किया था. शाह ने राजद पर तंज कसते हुए कहा कि लालू यादव ने शहाबुद्दीन के बेटे को रघुनाथपुर से टिकट देकर उनकी पीठ थपथपाई है, लेकिन सिवान की जनता अब इसे बर्दाश्त नहीं करेगी.
शहाबुद्दीन के बेटे को नहीं जीतने देंगे: गृह मंत्री ने शहाबुद्दीन के बेटे को टिकट देने के राजद के फैसले पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि लालू यादव ने फिर से शहाबुद्दीन के बेटे को रघुनाथपुर से मैदान में उतारा है. वे सिवान की जनता से कहने आए हैं कि अब मोदी जी और नीतीश कुमार जी का राज है. 100 शहाबुद्दीन भी आएं, तो भी किसी का बाल बांका नहीं हो सकता. शाह ने जनता से आह्वान किया कि वे शहाबुद्दीन की विचारधारा को बढ़ने न दें और बिहार में जंगलराज को वापस न आने दें.
मोदी-नीतीश के सुशासन की तारीफ: अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में किए गए विकास कार्यों का जिक्र किया. उन्होंने कहा, “नीतीश कुमार ने बिहार को जंगलराज से मुक्त किया है और एनडीए सुशासन के साथ चुनाव लड़ रहा है. नरेंद्र मोदी ने देश को विकास की पटरी पर लाया है.” उन्होंने पूर्ववर्ती मनमोहन सिंह सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकार में आतंकियों को बिरयानी खिलाई जाती थी, लेकिन हमारी सरकार में ऑपरेशन सिंदूर जैसे कड़े कदम उठाए गए हैं.









