देहरादून: पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस की साफ चेतावनी दी है कि कोई भी सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
बता दें कि 29 सितंबर को सोशल मीडिया पर एक स्क्रीनशॉट सामने आया था. जिसमें समुदाय विशेष पर एक छात्र ने आपत्तिजनक कमेंट किया था. सांप्रदायिक सौहार्द पर गलत असर डालने का प्रयास करने वाले स्क्रीनशॉट का पुलिस ने खुद संज्ञान लिया. साथ ही चौकी प्रभारी बाजार प्रमोद शाह ने इस संबंध में कोतवाली पटेल नगर पर कमेंट करने वाले के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया. जिसके बाद आपत्तिजनक कमेंट करने वाले छात्र को तत्काल पूछताछ के लिए हिरासत में लिया. फिर उससे आपत्तिजनक कमेंट को हटवाया.
वहीं, आपत्तिजनक कमेंट के विरोध में समुदाय विशेष के लोग पटेल नगर क्षेत्र में एकत्रित हो गए और मुख्य मार्ग को अवरूद्ध कर हुडदंग करने लगे. इतना ही नहीं उन्होंने धार्मिक उन्माद फैलाने समेत धार्मिक टिप्पणियां कर लोगों को उकसाने का प्रयास किया. ऐसे में मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया. जिसके तहत पुलिस ने लाठी से भीड़ को तितर-बितर कर स्थिति को नियंत्रित किया.
कई अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज: इस घटना के संबध में आईएसबीटी चौकी इंचार्ज हर्ष अरोड़ा की तहरीर के आधार पर कोतवाली पटेल नगर में कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. जिसके बाद पुलिस भीड़ में शामिल उन लोगों को तलाश रही है, जो माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे थे. पुलिस का कहना है कि मामले में जो भी आरोपी होगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
सीएम धामी की सख्त चेतावनी: उधर, मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का कहना है कि उत्तराखंड में किसी भी प्रकार की धार्मिक कट्टरता और अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. देहरादून के पटेलनगर में अराजकता फैलाकर प्रदेश का माहौल खराब करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है.










