ग्राउंड जीरो पर मुख्यमंत्री मोहन यादव, खेतों में जाकर सोयाबीन में पीला मोजेक का आतंक देखा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

शाजापुर : मध्य प्रदेश के मालवा की पीला सोना कही जाने वाली फसल इस बार दगा दे गई. पहले नकली बीज की समस्या सामने आई, फिर कम बारिश से किसान परेशान हुए और फिर पीला मोजिक वायरस सोयाबीन की फसल में हो गया. इससे सोयाबीन उत्पादक किसान बर्बाद हो गए. सोयाबीन की बर्बादी देखने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव खुद खेतों में उतरे. शाजापुर जिले की कालापीपल विधानसभा क्षेत्र के ग्राम खड़ी डोडिया में मुख्यमंत्री ने सोयाबीन फसल की बर्बादी का आलम देखा.

किसानों के नुकसान की भरपाई सरकार करेगी

गुरुवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शाजापुर जिले का दौराकर खेतों में सोयाबीन की खराब हुई फसल का मुआयना किया. उन्होंने किसानों को आश्वासन देते हुए कहा “मैं स्वयं किसान का पुत्र हूं और फसल खराब होने पर किसान के दिलों पर क्या बीतती है और उनका क्या हाल होता है, इसका अंदाजा मुझे अच्छे से है. किसानों को घबराने की जरूरत नहीं है. उनके नुकसान की सरकार भरपाई करेगी. सोयाबीन फसल में पीला मोजेक रोग लगा, इससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है. प्रशासन को निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं.”

2700 रुपये में खरीदेंगे गेहूं की फसल

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा “कई जिलों में ज्यादा बारिश व बाढ़ से फसलों को भारी नुकसान हुआ है. ऐसे किसानों को भी सरकार भरपूर मदद करेगी. बीते 6 सितंबर तक कई किसानों को एक क्लिक के माध्यम से फसल बीमा योजना की राशि दी गई है. जो छूट गए हैं, उन्हें भी जल्द मिलेगी. आप लोग चिंता न करें हमारी सरकार किसानों के साथ है.” मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव ने कहा “आने वाले समय में 2700 रुपए में गेहूं की फसल सरकार खरीदेगी.”

गौपालन के लिए सरकार की योजना बताई

डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेसियों पर तंज करते हुए कहा “कांग्रेसी कुत्ते पालते हैं और हम गाय वाले हैं तो गाय पालते हैं. हमारी सरकार ने गोपालकों के लिए योजना बनाई है. आप 25 गाय पालते हैं तो 40 लाख रुपए की योजना रहेगी, जिसमें से 10 लाख रुपए सरकार द्वारा माफ़ किए जाएंगे. इसी के साथ ग्रामीण क्षेत्र में यदि कोई गौशाला संचालित करेगा तो 40 रुपये प्रतिदिन प्रति गाय के हिसाब से सरकार द्वारा दिए जाएंगे. यदि कोई 5 हजार गायों की गौशाला शुरू करना चाहता है तो उसके लिए सरकार सवा सौ एकड़ जमीन मुहैया कराएगी.”

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial