रायबरेली: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी रायबरेली के दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन दिशा की बैठक करने के बाद मीडिया से मुखातिब हुए जिसमें एक बार फिर उन्होंने वोट चोरी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इश्यू तो बिहार में है. लेकिन महाराष्ट्र, हरियाणा, कर्नाटक में इलेक्शन चोरी किया गया है. हमने ब्लैक एंड व्हाइट सबूत दिया बेंगलुरु सेंट्रल का. इसके साथ ही राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा की सरकारें वोट चोरी करके बनी हैं मैं साबित करूंगा, उन्होने कहा बीजेपी के लोग एजिटेट न हों, हाइड्रोजन बम फटेगा तो सब साफ हो जाएगा. पूरे देश में नारा चल रहा है, वोट चोर गद्दी छोड़. जो आग जैसा फैल रहा है.

बता दें कि राहुल गांधी ने गुरूवार को कांग्रेस बूथ लेवल कार्यकर्ताओं से मुलाकात की. ऊंचाहार के NTPC भवन में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी रायबरेली के विभिन्न तहसीलों से आए डेलिगेशन से मिले. इसके बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित ‘दिशा’ समिति की बैठक की अध्यक्षता की. इस दौरान ऊंचाहार विधायक मनोज पांडेय ने राहुल गांधी की बैठक का बहिष्कार किया.
राहुल गांधी के दौरे का बुधवार को विरोध किया गया था, जिसके बाद गुरूवार को उनकी सुरक्षा-व्यवस्था और मजबूत की गई. पूरा कलेक्ट्रेट परिसर छावनी में तब्दील कर दिया गया. पुलिस के अलावा PAC की भी तैनाती की गई. एनटीपीसी के गोमती भवन में पहुंचे सभी डेलिगेशन की जांच पड़ताल करने के बाद ही अंदर जाने दिया गया. कड़ी सुरक्षा के बीच सभी लोगों की मुलाकात राहुल गांधी से कराई गई.
ऊंचाहार विधायक ने किया बैठक का बहिष्कार: नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की अध्यक्षता में हो रही दिशा बैठक का ऊंचाहार विधायक ने बहिष्कार किया है. पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने दिशा की बैठक में पीएम मोदी की मां को गाली देने पर निंदा प्रस्ताव रखा. इसके बाद बैठक का बहिष्कार करते हुए बाहर निकल गए. विधायक मनोज पांडेय ने कहा कि राहुल गांधी की अध्यक्षता वाली बैठक में सबसे पहले पीएम मोदी की मां को गाली देने का निंदा प्रस्ताव पास कराया जाना चाहिए. मनोज पांडेय ने यह भी आरोप लगाया कि सांसद होने के बाद भी राहुल गांधी ने एक बार भी संसद में रायबरेली की समस्याओं को नहीं रखा.










