देहरादून: उत्तराखंड में इस बार मानसून ने भारी तबाही मचाई है. खासकर पहाड़ी जिलों में अनेक स्थानों पर भारी बारिश, बादल फटने और लैंडस्लाइड से काफी नुकसान हुआ है. भारी बारिश के बाद तबाही का जायजा लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 सितंबर को उत्तराखंड आ रहे हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम 4:15 पर आपदा प्रभावित इलाकों का हवाई निरीक्षण करने का है.
आपदाग्रस्त इलाकों का हवाई निरीक्षण करेंगे पीएम मोदी: . पीएम मोदी सेना के हेलीकॉप्टर में बैठकर उत्तरकाशी, चमोली और आसपास के इलाकों का हवाई निरीक्षण करेंगे. इसके बाद वापस लौट के एयरपोर्ट पर ही सभी अधिकारियों और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ वह एक हाई लेवल बैठक करेंगे. इस बैठक में उत्तराखंड के अधिकारियों के साथ-साथ केंद्र की जो टीम प्रदेश का दौरा कर चुकी है, वह अधिकारी भी मौजूद रहेंगे.
उत्तराखंड में बड़ी आपदाएं आई हैं: बताते चलें कि इस साल उत्तराखंड के अनेक जिलों में आपदा आई है. सबसे पहले 5 अगस्त को उत्तरकाशी जिले के धराली में खीरगंगा गाड़ से आपदा आई थी. खीरगंगा में आई बाढ़ अपने साथ बड़े-बड़े बोल्डर, पेड़ और मलबा लाई थी. मलबे और बाढ़ ने धराली गांव और आसपास के इलाकों को तहस-नहस कर दिया था. मलबे के नीचे धराली बाजार के सभी होटल, दुकानें और घर दब गए थे. ये कहें कि धराली बाजार पूरी तरह नष्ट हो गया तो अतिशयोक्ति नहीं होगी. अभी भी बड़ी संख्या में लापता हुए लोगों का पता नहीं चला है.










