नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम 9 सितंबर से एशिया कप 2025 में हिस्सा लेने वाली है. उससे पहले इंडियन क्रिकेट फैंस के लिए दुखद खबर सामने आई है. दरअसल, आज यानी 4 सितंबर (गुरुवार) को भारतीय क्रिकेटर अमित मिश्रा में संन्यास का ऐलान कर दिया है. उन्होंने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से रिटायरमेंट ले लिया है. इसके साथ ही भारतीय लेग स्पिनर अमित मिश्रा के 25 साल से ज्यादा लंबे करियर का अंत हो गया.
अमित मिश्रा ने सोशल मीडिया पर किया भावुक पोस्ट
अमित मिश्रा ने अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर अपने संन्यास का ऐलान किया. उन्होंने पोस्ट करते हुए लिखा , ‘आज 25 साल बाद मैं क्रिकेट से संन्यास की घोषणा करता हूं. एक ऐसा खेल जो मेरा पहला प्यार, मेरा गुरु और मेरी खुशी का सबसे बड़ा स्रोत रहा है. यह सफर अनगिनत भावनाओं से भरा रहा है. गर्व, कठिनाई, सीख और प्यार के पल. मैं बीसीसीआई, हरियाणा क्रिकेट एसोसिएशन, अपने कोचों, सहयोगी स्टाफ, सहकर्मियों और सबसे बढ़कर, प्रशंसकों का तहे दिल से आभारी हूं, जिनके विश्वास और समर्थन ने मुझे हर कदम पर ताकत दी’.
मिश्रा ने आगे लिखा, ‘शुरुआती दिनों के संघर्षों और त्यागों से लेकर मैदान पर बिताए अविस्मरणीय पलों तक, हर अध्याय एक ऐसा अनुभव रहा है जिसने मुझे एक क्रिकेटर और एक इंसान के रूप में आकार दिया है. मेरे परिवार को मेरे उतार-चढ़ाव भरे समय में मेरे साथ मजबूती से खड़े रहने के लिए धन्यवाद. मेरे साथियों और मार्गदर्शकों को इस सफर को इतना खास बनाने के लिए धन्यवाद’.
अमित मिश्रा ने अंत में लिखा, ‘इस अध्याय को समाप्त करते हुए, मेरा दिल कृतज्ञता और प्रेम से भर गया है. क्रिकेट ने मुझे सब कुछ दिया है और अब मैं उस खेल को कुछ वापस देने के लिए उत्सुक हूं जिसने मुझे वो बनाया जो मैं हूं.
अमित मिश्रा का क्रिकेट करियर
अमित मिश्रा ने भारत के लिए 2003 में बांग्लादेश में वनडे ट्राई सीरीज से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था. 2008 में उन्होंने मोहाली में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया. 2010 में उनका टी20 डेब्यू हुआ. अमित भारत के लिए 22 टेस्ट मैचों की 40 पारियों में 76 विकेट हासिल किए. 36 वनडे मैचों में उनके नाम 64 विकेट दर्ज हैं. वहीं उन्होंने 10 टी20 मैचों में 16 विकेट चटकाए हैं.
अमित मिश्रा के नाम दर्ज हैं ये खास रिकॉर्ड्स
उन्होंने 2013 में जिम्बाब्वे में पांच मैचों की सीरीज में 18 विकेट लेकर जवागल श्रीनाथ के द्विपक्षीय वनडे सीरीज में सर्वाधिक विकेट लेने के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की थी. बांग्लादेश में 2014 के टी20 विश्व कप में भी खेला, जहां उन्होंने 10 विकेट लिए और भारत श्रीलंका के बाद उपविजेता रहा था.
अमित मिश्रा ने 2017 में भारत के लिए अपना आखिरी मैच खेला था. इसके बाद मिश्रा घरेलू क्रिकेट और आईपीएल खेलते रहे. उनका आखिरी प्रतिस्पर्धी क्रिकेट मैच आईपीएल 2024 में लखनऊ सुपर जायंट्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच था. मिश्रा ने आईपीएल में तीन अलग-अलग टीमों के लिए हैट्रिक बनाई हैं. 2008 में दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स), 2011 में किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) और 2013 में सनराइजर्स हैदराबाद के हैट्रिक ली हैं.
25 साल के करियर में कौन सा पल रहा मिश्रा के लिए खास
अमित मिश्रा ने आईएनएस से बात करते हुए कुछ खास बातों पर प्रकाश डाला. जब उनसे पूछा गया कि, आपके खेल करियर की कौन सी उपलब्धि या पल आपके लिए सबसे यादगार है? तो उन्होंने उत्तर दिया और कहा कि, ऐसे कई पल हैं लेकिन मैं एक खास पल का जिक्र करना चाहूंगा. मोहाली में मेरा टेस्ट डेब्यू. यह तब था जब अनिल (कुंबले) भाई चोटिल थे और उस समय काफी दबाव में थे क्योंकि पूरा मीडिया काश मैं भी वो कर पाता जो अनिल भाई ने इतने लंबे समय तक टेस्ट टीम के लिए किया’.
मिश्रा ने आगे कहा, ‘वो एक खास पल था जब अनिल भाई ने मुझे सुबह बताया कि मैं मैच में खेलूंगा और मुझे पेशेवर रूप से खेलने और अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया. फिर मैंने अपने डेब्यू मैच में आठ विकेट लिए जिसमें एक पांच विकेट हॉल भी शामिल था और वो मेरे करियर का सबसे अहम और यादगार पल हमेशा रहेगा’.
उन्होंने आगे कहा, ‘उसके बाद मैंने कई अच्छी यादें बनाईं. लेकिन टेस्ट डेब्यू इसलिए भी खास है क्योंकि मुझे लगा कि भारत के लिए टेस्ट खेलने के लिए इससे ज्यादा यादगार और बेहतर स्थिति कभी नहीं हो सकती थी. जैसे अनिल भाई बाहर थे और मैं उनकी जगह लेने आया. ये मेरे लिए सबसे बड़ी उपलब्धि जैसा लगा और हमेशा मेरे जहन से नहीं जाएगा’.










