जम्मू: जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों में शनिवार तड़के भूस्खलन और अचानक आई बाढ़ के रूप में प्रकृति के प्रकोप से कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई. यह इलाका हाल के दिनों में ऐसी ही त्रासदियों से उबरा नहीं है.
जम्मू संभाग के रामबन जिले के एक गांव में शनिवार तड़के बादल फटने से दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौत हो गई और कम से कम दो अन्य लापता हो गए.
जिला प्रशासन के अधिकारियों ने बताया कि रामबन के राजगढ़ इलाके में भारी बारिश और बादल फटने से अचानक बाढ़ आ गई, जिससे यह त्रासदी हुई. बचाव अभियान शुरू कर दिया गया है और बचाव टीम लापता लोगों की तलाश में जुटी है और बादल फटने से प्रभावित लोगों को तत्काल राहत प्रदान कर रही है.
इसके तुरंत बाद पास के रियासी जिले के माहौर इलाके में भूस्खलन से एक रिहायशी घर के ढह जाने से सात लोगों के मारे जाने की आशंका है. माहौर के बद्दर गाँव में भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ. अधिकारियों के हवाले से पीटीआई ने बताया कि लापता परिवार का पता लगाने के लिए बचाव अभियान जारी है. उन्होंने बताया कि घर के मालिक नजीर अहमद, उनकी पत्नी और पाँच नाबालिग बेटे लापता हैं और उनके मारे जाने की आशंका है.
बादल फटना एक स्थानीय मौसम की घटना है जिसमें किसी क्षेत्र में थोड़े समय में भारी मात्रा में बारिश होती है. अक्सर, एक घंटे के भीतर 100 मिमी बारिश होती है. भूस्खलन आमतौर पर तब होता है जब भारी बारिश ढलान पर मिट्टी को भिगो देती है. इससे जमीन का एक बड़ा हिस्सा और उस पर मौजूद चट्टानें और पेड़ सहित जो कुछ भी है, वह नीचे खिसक जाता है और अपने रास्ते में आने वाली हर चीज को नष्ट कर देता है.
ये ताजा घटनाएँ रियासी के कटरा इलाके में वैष्णो देवी मंदिर के पास हुई एक बड़ी त्रासदी के कुछ दिनों बाद हुई हैं, जहाँ 26 अगस्त को भूस्खलन के बाद कम से कम 35 श्रद्धालुओं की जान चली गई थी और दर्जनों घायल हो गए थे. उसी दिन, जम्मू-कश्मीर के एक अन्य जिले डोडा में भी इसी तरह की अचानक आई बाढ़ में चार लोगों की मौत हो गई थी.
14 अगस्त को मचैल माता मंदिर के रास्ते में चिसोती गाँव में बादल फटने से 60 से अधिक लोग मारे गए जबकि कई लापता हो गए और सैकड़ों घायल हो गए. जम्मू-कश्मीर और कई अन्य उत्तरी राज्य प्रकृति के प्रकोप का सामना कर रहे हैं क्योंकि मूसलाधार बारिश के कारण अचानक बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएँ हुई हैं, जिससे जान-माल का भारी नुकसान हुआ.










