कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के मध्य प्रदेश की महिलाएं सबसे ज्यादा शराब पीती हैं बयान पर सियासी पारा चढ़ गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और महिला नेत्रियों ने बयान की निंदा करते हुए महिलाओं का अपमान बताया हैं। जीतू पटवारी के बयान पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने न केवल नाराजगी जाहिर की है। साथ ही कहा कि कांग्रेस ने प्रदेश की लाड़ली बहनों को शराबी बताकर उनका घोर अपमान किया है। जनता इस अपमान का हिसाब चुकाएगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने महिलाओं पर टिप्पणी कर अपनी छोटी मानसिकता को दर्शाया है। यही कांग्रेस का चाल-चरित्र है। उसने कभी महिलाओं का सम्मान नहीं किया। सीएम डॉ. यादव ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को माफी मांगने और पटवारी को पद से हटाने की मांग की है। बता दें कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मीडिया के सामने कहा था कि मध्यप्रदेश को इस बात का तमगा हासिल है कि यहां की महिलाएं सबसे ज्यादा शराब का सेवन करती हैं। पटवारी के इस बयान पर मुख्यमंत्री ने उन्हें आड़े हाथों लिया। सीएम डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा लाड़ली बहनों को शराबी बताना दुर्भाग्यपूर्ण बात है। बहनों का यह अपमान मध्यप्रदेश बर्दाश्त नहीं करेगा। आज कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने इस बात को बड़ी बेशर्मी से बताया कि प्रदेश की बहनें सबसे ज्यादा शराब पीती हैं। यह एक तरह से उनकी छोटी मानसिकता है।
बहनों का अपमान बर्दाश्त नहीं करेंगे
सीएम ने कहा कि उनके ही एक कांग्रेस नेता ने कहा था कि लाड़ली बहनों को बोरे में बंद कर देंगे। आज हरतालिका तीज है। तीज के त्योहार के दिन बहनों का अपमान हमारी सरकार बर्दाश्त नहीं करेगी। जनता इस अपमान का पूरा हिसाब चुकाएगी। इस बात के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को माफी मांगनी चाहिए। उन्हें खेद व्यक्त करते हुए इस तरह महिलाओं का अपमान करने वालों को पद से हटाना चाहिए।
सारंग का तंज, बोले-आंकड़ इटली से लेकर आए हैं
वहीं, प्रदेश सरकार में मंत्री विश्वास सारंग ने भी जीतू पटवारी के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि महिलाओं का अपमान करना कांग्रेस की संस्कृति हैं। क्याू जीतू पटवारी आंकड़े इटली से लेकर आए हैं? उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की बहन बेटियों को इस तरह से बदनाम करना बहुत आपत्तिजनक हैं। अब प्रियंका गांधी कहा है, जो कहती थी लड़की हूं लड़ सकती हूं। इस तरह महिलाओं का अपमान हो रहा है और सोनिया प्रियंका गांधी मूकदर्शक बनी देख रही हैं।
यह कहा था जीतू पटवारी ने
जीतू पटवारी सरकार पर नशा, बेरोजगारी और कुपोषण पर हमला कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि समृद्ध मध्य प्रदेश का सपना दिखाने वाली भाजपा ने यह हालत कर दिए है, जितना ड्रग का कारोबार यहां होता है उतना दूसरी किसी राज्य में नहीं होता। मुख्यमंत्री ने यह प्रयास नहीं किए कि इससे निजात कैसे दिलाएं। पटवारी ने कहा कि हमारी बहनें, बेटियां नशा करने लगी हैं, लाडली बहना के नाम पर वोट तो ले लिए और मध्य प्रदेश में बहना ही सबसे ज्यादा नशा करती हैं। इस पर विचार करना चाहिए। 









