पटना : बिहार में निर्वाचन आयोग के द्वारा कराए जा रहे मतदाता गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर राहुल गांधी और तेजस्वी यादव बिहार में वोटर अधिकार यात्रा पर निकले हुए हैं. इस यात्रा में कांग्रेस के सभी वरिष्ठ नेता बारी-बारी से शामिल हो रहे हैं. अब राहुल गांधी की यात्रा में शामिल होने के लिए प्रियंका गांधी भी आ रही हैं. 26 एवं 27 अगस्त को पदयात्रा में राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी भी दिखेंगी.
केसी वेणुगोपाल का पोस्ट : कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल ने जानकारी देते हुए अपने सोशल साइट एक्स पर लिखा है कि, ”मतदाता अधिकार यात्रा वोट चोरी के खिलाफ एक ऐतिहासिक आंदोलन बन गई है. जो न केवल बिहार, बल्कि पूरे भारत के लोगों को आकर्षित कर रही है. आने वाले सप्ताह में भारत और कांग्रेस के प्रमुख नेता इस यात्रा में शामिल होंगे.”
इंडिया गठबंधन की एकजुटता का प्रदर्शन : 26 एवं 27 अगस्त को प्रियंका गांधी, 27 अगस्त को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, 29 अगस्त को कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया, 30 अगस्त को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव वोटर अधिकार यात्रा में शामिल होने के लिए आ रहे हैं.
इसके अलावा झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह सुक्कू और तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी का कार्यक्रम अभी तय नहीं हुआ है, लेकिन संभावना है कि वह लोग भी वोटर अधिकार यात्रा में शामिल होने के लिए आएंगे.
लगातार आगे बढ़ रहा कारवां : बता दें कि इस यात्रा में काफी संख्या में लोग उमड़ रहे हैं. लोगों की भीड़ देखकर नेता भी काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं. कारवां लगातार आगे बढ़ता जा रहा है. आज यह वोटर अधिकार यात्रा कटिहार में थी. इस दौरान राहुल गांधी मखाना उत्पादन करने वाले किसानों से भी मिले.










