नई दिल्ली: संविधान दिवस के मौके पर कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भारतीय संविधान को देश की आत्मा बताते हुए हर हाल में इसकी रक्षा करने का संकल्प लिया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिए उन्होंने कहा कि संविधान हमारे लोकतंत्र की मजबूत नींव है और इसकी रक्षा करना हम सबकी ज़िम्मेदारी है।
राहुल गांधी ने लिखा, “भारत का संविधान केवल एक किताब नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र की आत्मा है। यह हर नागरिक के सम्मान की ढाल, हर आवाज की ताकत और न्याय, स्वतंत्रता, समानता तथा बंधुत्व का रक्षक है।”
उन्होंने आगे लिखा कि यह अन्याय के खिलाफ लड़ने का हमारा सबसे बड़ा हथियार है। संविधान दिवस पर वह अपना यह संकल्प दोहराते हैं कि वह हर परिस्थिति में संविधान की रक्षा करेंगे और प्रत्येक भारतीय के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष करते रहेंगे।
वहीं दूसरी ओर, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी देशवासियों को संविधान दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और लोकतंत्र तथा संविधान को बचाने की प्रतिबद्धता दोहराई। खड़गे ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के प्रसिद्ध कथन को याद करते हुए एक्स पर लिखा कि जब तक सामाजिक लोकतंत्र की नींव मजबूत नहीं होगी, तब तक राजनीतिक लोकतंत्र जीवित नहीं रह सकता।








