देहरादून: उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या से जुड़े उत्पीड़न मामले में SIT ने जांच शुरू कर दी है। मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाने के लिए एसआईटी की एक टीम बरेली पहुंची है। टीम आरोपी पति गिरधारी लाल साहू के घर और अन्य ठिकानों पर जाकर तथ्यों की पड़ताल करेगी।
वायरल ऑडियो में गिरधारी लाल साहू और एक महिला के बीच हुई कथित बातचीत को जांच का हिस्सा बनाया गया है। एसआईटी की टीम बरेली में संबंधित स्थानों पर पहुंचकर मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाएगी। साथ ही गिरधारी लाल साहू और ऑडियो में शामिल महिला की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने गुरुवार को अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ उत्पीड़न और जान से मारने का षड्यंत्र रचने का आरोप लगाते हुए देहरादून के कैंट थाने में शिकायत दी थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।









