कोलकाता: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कोलकाता के अपोलो अस्पताल पहुंचकर चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में मची भगदड़ के घायलों से मुलाकात की। गृह मंत्री के साथ पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी मौजूद थे। अमित शाह ने अस्पताल में डॉक्टरों से मिलकर घायलों के स्वास्थ्य का अपडेट लिया और उन्हें हर संभव चिकित्सा सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए।
बारिश के दौरान उत्तरी कोलकाता के चोरबागान सार्वजनिक दुर्गा पूजा पंडाल में अचानक भीड़ बढ़ने के कारण भगदड़ मच गई थी। इस दर्दनाक हादसे में 19 लोगों की मौत हो गई और 25 से अधिक लोग घायल हो गए, जिनका इलाज चल रहा है।
घायलों से मिलने अस्पताल जाने से पहले गृह मंत्री ने प्रसिद्ध कालीघाट मंदिर में जाकर दर्शन किए और देश की खुशहाली व प्रभावित परिवारों के लिए प्रार्थना की। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री के साथ चोरबागान में दुर्घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा भी लिया।
इस मामले में पुलिस ने पूजा समिति के सचिव-उपाध्यक्ष समेत 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में पूजा समिति के सचिव और उपाध्यक्ष के अलावा बांस का ढांचा बनाने, भीड़ नियंत्रित करने, VIP पास की जांच करने और निजी सुरक्षा व्यवस्था संभालने से जुड़े लोग शामिल हैं।









