हरिद्वार: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हरिद्वार के मेला नियंत्रण भवन (CCR) सभागार में पहली बारकैबिनेट बैठक हुई। बैठक से पहले सीएम धामी और सभी मंत्रियों ने हरकी पैड़ी पर मां गंगा की विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक सेवा में 25 वर्ष पूरे होने पर उनकी दीर्घायु की कामना की।
13 प्रस्तावों पर मुहर: बैठक में विभिन्न विकास योजनाओं से जुड़े कुल 13 प्रस्तावों पर चर्चा हुई और सभी को मंजूरी दे दी गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हरिद्वारमेंबैठक करने का उद्देश्य यही है कि जनता के फैसले जनता के बीच में ही किए जाएं। बैठक में कुंभ मेला 2027 की तैयारियों, विकास कार्यों, स्वास्थ्य, आवास और आगामी विधानसभा सत्र (गैरसैंण या अन्य स्थल) के प्रस्तावों पर चर्चा व फैसले लिए गए।
कैबिनेट बैठक के बाद सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने मीडिया को ब्रीफ किया।उन्होंने बताया कि कैबिनेट की बैठक में 13 प्रस्ताव आए थे, जिन्हें मंजूरी दी गई है।
बैठक में हरिद्वार में दूसरा मेडिकल कॉलेज खोलने, ईएसआई मेडिकल कॉलेज और मुख्यमंत्री वीरता पुरस्कार से जुड़े प्रस्ताव भी शामिल रहे। इसके अलावा फायर सर्विस के मौजूदा कानून की जगह नया विधेयक लाने और जन विश्वास अधिनियम के तहत फैसले लिए गए।
अग्निवीरों को भर्ती में छूट: राज्य के समूह ‘ग’ के वर्दीधारी पदों पर सेवामुक्त अग्निवीरों की भर्ती के लिए नई नियमावली को मंजूरी दी गई। इसमें लिखित परीक्षा और शारीरिक मानक परीक्षा में छूट देने का प्रावधान है। इससे पहले 2025 की नियमावली में 10% क्षैतिज आरक्षण, अधिकतम आयु सीमा और शारीरिक दक्षता परीक्षा में छूट का प्रावधान था।
उत्तराखंड अग्निशमन एवं आपात सेवा विधेयक, 2026 को विधानसभा में पेश करने की मंजूरी दी गई। इसके तहत मौजूदा कानून में बदलाव कर नया कानून लाने की तैयारी है।









