कोलकाता: चुनाव आयोग और SIR विवाद को लेकर ममता बनर्जी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने ज्ञानेश कुमार की गिरफ्तारी की मांग की है। ममता बनर्जी का आरोप है कि SIR प्रक्रिया के जरिए मतदाता सूची में धांधली की गई है और जिन राज्यों में इस प्रक्रिया के बाद चुनाव हुए हैं, वहां दोबारा चुनाव होने चाहिए। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश कुमार को अपने पद पर रहने का कोई अधिकार नहीं है।
उन्होंने कहा कि इसके लिए देशभर में आंदोलन किया जाएगा। ममता बनर्जी ने बंगाल में दोबारा से चुनाव कराए जाने की भी मांग की है। ममता ने कहा कि हमने जो पहले कहा था, वह अब सच साबित हो गया है।
ममता बनर्जी ने कहा, ज्ञानेश कुमार ने पुलिस का गलत इस्तेमाल किया है। BJP के साथ मिलकर अपने ही BJP-समर्थक लोगों को तैनात किया है। ऐसा घोटाला पहले कभी नहीं हुआ। इसके साथ ही ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि विरोध करने की वजह से उनका चुनाव चिन्ह तक छीन लिया गया।
ममता बनर्जी ने कहा कि अब यह साबित हो गया है कि बीजेपी और चुनाव आयोग ने बंगाल विधानसभा चुनाव में धांधली की है। ममता ने पुरानी वोटर लिस्ट के साथ बंगाल में दोबारा चुनाव कराने की मांग की है।









