उत्तराखंड की बेटियों ने अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी में लहराया परचम, सीएम धामी ने किया सम्मानित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून। उत्तराखंड की महिला मुक्केबाजों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में पिथौरागढ़ की अंतरराष्ट्रीय पदक विजेता मुक्केबाज निकिता चंदकाजल फर्स्वाण और आरती धारियाल को सम्मानित किया। इस अवसर पर उनके प्रशिक्षकों बृजेंद्र मल और ललित कुँवर को भी सम्मानित करते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

हाल ही में इंडोनेशिया के जकार्ता में आयोजित अंडर-23 एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में निकिता चंद ने 60 किलोग्राम और काजल फर्स्वाण ने 65 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीतकर भारत और उत्तराखंड का नाम रोशन किया। वहीं पिथौरागढ़ की मुक्केबाज आरती धारियाल ने रोमानिया में आयोजित गोल्ड बेल्ट बॉक्सिंग प्रतियोगिता के 54 किलोग्राम वर्ग में स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड की बेटियां अपनी प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प से लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि इन खिलाड़ियों की सफलता प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं तथा आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तराखंड की बेटियां भविष्य में भी देश और प्रदेश का नाम विश्वभर में रोशन करती रहेंगी।

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial