रुड़की में ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन, सीएम धामी ने कहा – युवा शक्ति से ही विकसित भारत का सपना होगा साकार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रुड़की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को रुड़की में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम’ में प्रदेश के युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि उत्तराखंड का युवा ही विकसित उत्तराखंड और विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे युवा देश है और युवाओं की ऊर्जा, नवाचार तथा प्रतिभा ही राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं को वोट बैंक नहीं, बल्कि विकसित भारत का सबसे सशक्त स्तंभ मानते हुए शिक्षा, कौशल विकास, नवाचार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं शुरू की गई हैं। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप इंडिया, स्टैंडअप इंडिया, डिजिटल इंडिया, स्किल इंडिया, खेलो इंडिया और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना जैसी पहलें युवाओं को आत्मनिर्भर और रोजगार सृजक बना रही हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य ऐसा उत्तराखंड बनाना है, जहां युवाओं को रोजगार के लिए पलायन न करना पड़े। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, युवा प्रोत्साहन योजना, दीनदयाल उपाध्याय योजना, एक जनपद-दो उत्पाद योजना और हाउस ऑफ हिमालयाज जैसी योजनाओं के माध्यम से युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार और उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार की प्रभावी नीतियों के कारण उत्तराखंड की बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है, जो राष्ट्रीय औसत से बेहतर है। साथ ही नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्यों की रैंकिंग में उत्तराखंड देश में प्रथम स्थान पर है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब रिवर्स माइग्रेशन का सकारात्मक माहौल बन रहा है और युवा अपने अनुभव व कौशल के साथ वापस लौटकर स्वरोजगार को बढ़ावा दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य में लागू देश के सबसे सख्त नकल विरोधी कानून के कारण भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता आई है और पिछले साढ़े चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को निष्पक्ष प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी नौकरियां मिली हैं। वहीं प्रदेश में 20 मॉडल कॉलेज, आधुनिक आईटी लैब, महिला छात्रावास और नए उद्योगों की स्थापना से शिक्षा और रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं के साथ सीधा संवाद भी किया और उनके सवालों के जवाब दिए। उन्होंने सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर कहा कि साइबर सेल लगातार निगरानी कर रही है और भ्रामक सूचनाएं फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। वर्ष 2027 के कुंभ मेले की तैयारियों पर उन्होंने बताया कि आयोजन को दिव्य, भव्य और सुरक्षित बनाने के लिए ड्रोन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित निगरानी व्यवस्था की जाएगी।

कार्यक्रम के आयोजक गौरव कौशिक ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष मधु सिंह, महापौर अनीता अग्रवाल, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर सहित बड़ी संख्या में युवा एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial