ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने प्रधानमंत्री और लेबर पार्टी के नेता के पद से इस्तीफा देने का ऐलान कर दिया है। अपनी ही लेबर पार्टी के भीतर बढ़ते भारी राजनीतिक दबाव और सांसदों की बगावत के बाद उन्होंने यह बड़ा फैसला लिया। अगले पीएम के चुने जाने तक वह इस पद पर बने रहेंगे।
ब्रिटिश मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कीर स्टारमर की जगह लेने के लिए एंडी बर्नहैम को सबसे मजबूत और प्रमुख उम्मीदवार माना जा रहा है।
पिछले दिनों हुए स्थानीय और क्षेत्रीय चुनावों में लेबर पार्टी के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद से ही स्टारमर के नेतृत्व पर सवाल उठ रहे थे। पार्टी के भीतर अंदरूनी कलह इतनी बढ़ गई कि 100 से अधिक सांसदों ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया, जिसके चलते उन्हें पद छोड़ना पड़ा। और आज यानि सोमवार को उन्होंने इस्तीफे का ऐलान कर दिया।
डाउनिंग स्ट्रीट के बाहर अपने इस्तीफे के भाषण के दौरान स्टारमर काफी भावुक नजर आए।अब मेरी पार्टी यह सवाल पूछ रही है कि क्या मैं अगले आम चुनाव में पार्टी का नेतृत्व करने के लिए सबसे सही व्यक्ति हूं। मैंने इस सवाल पर अपनी संसदीय पार्टी का जवाब सुन लिया है और मैं उस जवाब को सम्मान के साथ स्वीकार करता हूं।
उन्होंने कहा कि उन्होंने जो भी फैसले लिए, वे देश को आगे रखने के लिए थे। उन्होंने अपनी पत्नी विक को अपनी ताकत बताया और कहा कि अब वे अपना अधिक समय एक अच्छे पति और पिता के रूप में अपने परिवार के साथ बिताएंगे।









