पासपोर्ट सत्यापन में उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रीय सम्मान, विदेश मंत्री ने किया सम्मानित, CM ने दी शुभकामनायें

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून। पासपोर्ट सत्यापन प्रक्रिया में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उत्तराखंड पुलिस को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान पासपोर्ट आवेदनों के सत्यापन में बेहतर और समयबद्ध कार्य करने पर भारत सरकार ने उत्तराखंड पुलिस को इंस्टीट्यूशनल परफॉर्मेंस अवार्ड फॉर स्टेट पुलिस” से सम्मानित किया है।

नई दिल्ली स्थित विदेश मंत्रालय के जवाहरलाल नेहरू भवन में आयोजित समारोह में विदेश मंत्री S. Jaishankar ने उत्तराखंड पुलिस की ओर से अपर पुलिस महानिदेशक (प्रशासन) एपी अंशुमान को यह सम्मान प्रदान किया।

पुलिस महानिदेशक Deepam Seth ने बताया कि यह उपलब्धि पासपोर्ट सत्यापन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, समयबद्ध और नागरिक हितैषी बनाने के लिए किए गए लगातार प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पुलिस मुख्यालय द्वारा सभी जिलों में पासपोर्ट सत्यापन कार्यों की नियमित समीक्षा की गई तथा तकनीकी संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर विशेष ध्यान दिया गया। इसी के चलते उत्तराखंड पुलिस ने राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।

मुख्यमंत्री धामी ने इस उपलब्धि पर उत्तराखंड पुलिस को बधाई देते हुए कहा कि नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान राज्य सरकार और पुलिस विभाग के बेहतर समन्वय तथा जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि उत्तराखंड पुलिस भविष्य में भी नागरिक सेवाओं के क्षेत्र में इसी तरह उत्कृष्ट कार्य कर प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करती रहेगी।

News 7
Author: News 7

Leave a Comment

और पढ़ें

Orpheus Financial