नई दिल्ली : आखिरकार तृणमूल कांग्रेस के बागी सांसदों ने रविवार को नेशनलिस्ट सिटीजन्स पार्टी में अपने विलय की ऐलान कर दिया।इन सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात कर सदन में अपने लिए अलग बैठने की व्यवस्था करने की मांग की है। लोकसभा अध्यक्ष से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत में बागी सांसद काकोली घोष दस्तीदार ने दावा किया कि टीएमसी के दो-तिहाई लोकसभा सदस्यों ने एक अलग समूह के रूप में मान्यता देने के लिए लोकसभा अध्यक्ष को पत्र सौंपा है।
उन्होंने कहा, “टीएमसी के दो-तिहाई सांसदों ने लोकसभा अध्यक्ष को अलग बैठने की व्यवस्था के लिए पत्र दिया है।हम नेशनलिस्ट सिटीजन्स पार्टी में विलय करेंगे और NDA का समर्थन करेंगे।”
असली टीएमसी पर दावा: सुदीप बंदोपाध्याय ने कहा कि वे फिलहाल पार्टी के नाम पर दावा नहीं कर रहे हैं, लेकिन मानसून सत्र के दौरान कोर्ट में “असली तृणमूल कांग्रेस” होने और पार्टी के चुनाव चिह्न (दो फूल) पर अपना दावा पेश कर सकते हैं।
उधर रविवार को ही टीएमसी नेता कीर्ति आजाद और सागरिका घोष ने भी लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात की थी। उन्होंने टीएमसी लोकसभा संसदीय दल के नेता अभिषेक बनर्जी द्वारा लिखा गया एक पत्र लोकसभा अध्यक्ष को सौंपा, जिसमें उनसे किसी भी कथित अलग गुट को मान्यता न देने का आग्रह किया गया है।इस पत्र में तर्क दिया गया है कि संविधान किसी मौजूदा राजनीतिक दल के भीतर एक अलग समूह बनाने की अनुमति नहीं देता है।









