नई दिल्ली: राघव चड्ढा ने आम आदमी पार्टी छोड़कर भाजपा में शामिल होने के बाद पंजाब सरकार पर बदले की राजनीति का आरोप लगाया है। उन्होंने आज यानि मंगलवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात कर झूठे मुकदमे दर्ज करने की शिकायत की।
चड्ढा ने मीडिया से बात करते हुए कहा, ‘‘आम आदमी पार्टी से असहमति जताने का अपना संवैधानिक अधिकार प्रयोग करने वाले सभी सांसदों, जिन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला किया, उनके संबंध में तथा इन सभी घटनाओं व घटनाक्रमों को आज राष्ट्रपति के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। मैं आम आदमी पार्टी को यह भी बताना चाहता हूं कि जब तक हम आज्ञाकारी रहे, हमें संस्कारी माना गया. जैसे ही हमने पार्टी छोड़ी, हमें भ्रष्ट करार दे दिया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए कई सांसदों को राज्य एजेंसियों द्वारा धमकाया और दबाव डाला जा रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘आम आदमी पार्टी, जो दूसरों पर बदले की राजनीति का आरोप लगाती रही है, आज खुद खतरनाक प्रतिशोध की राजनीति में लिप्त है। 24 अप्रैल को जब हम आप छोड़कर भाजपा में शामिल हुए तब से हमारे सांसदों को सुनियोजित तरीके से निशाना बनाया जा रहा है और उन्हें परेशान किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमने 24 अप्रैल, 2026 को आम आदमी पार्टी छोड़ दी और भाजपा में शामिल हो गए. तब से हमारे सांसदों को परेशान किया जा रहा है. सबसे पहले, विश्व कप विजेता क्रिकेटर हरभजन सिंह के घर के बाहर ‘गद्दार’ लिखा गया।.पंजाब पुलिस की मदद से उनके आवास पर कथित तौर पर पत्थर फेंके गए और उनके परिवार को निशाना बनाकर अपमानजनक नारे लगाए गए।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे साथी राजेंद्र गुप्ता, जो पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित हैं और पंजाब के मालवा क्षेत्र में एक बड़ी फैक्टरी चलाते हैं जिससे लगभग 30,000 लोगों को आजीविका मिलती है, उनकी फैक्टरी को निशाना बनाया गया। पंजाब सरकार ने कथित तौर पर उनकी पानी की आपूर्ति काट दी और प्रदूषण बोर्ड ने फैक्टरी को बंद करने की कार्रवाई शुरू करने के लिए छापे मारे।
उन्होंने दावा किया कि सांसद संदीप पाठक के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं, जिन्हें उन्होंने ‘‘दुर्भावनापूर्ण और मनगढ़ंत’’ बताया।
चड्ढा ने कहा, ‘‘ये प्राथमिकी और नोटिस इतने बेबुनियाद हैं कि कागज पर लिखने के भी लायक नहीं हैं। न्यायपालिका इन्हें खारिज कर देगी।
उन्होंने पंजाब सरकार को चेतावनी दी कि ऐसे कार्यों के गंभीर परिणाम हो सकते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘राजनीतिक प्रतिशोध के लिए सतर्कता विभाग, प्रदूषण बोर्ड और पुलिस का इस्तेमाल करना एक खतरनाक खेल है। आपने भले ही इसकी शुरुआत की हो, लेकिन इसका अंत अच्छा नहीं होगा. इसे रोकना होगा।
उन्होंने कहा, ‘‘AAP की एक राज्य में सरकार है और वहां की पुलिस पर उसका नियंत्रण है।भाजपा की 21 राज्यों में सरकार है और उन राज्यों की पुलिस पर उसका नियंत्रण है।”
इसके अलावा पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी दिल्ली में राष्ट्रपति से मुलाकात की और राघव चड्ढा सहित बागी सांसदों के खिलाफ ‘राइट टू रिकॉल’ की मांग की है, उन पर संविधान का मजाक उड़ाने का आरोप लगाया है।








