केरल : तिरुवल्ला में पीएम नरेंद्र मोदी ने शनिवार को एक रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि एलडीएफ सरकार की विदाई की उल्टी गिनती शुरू हो गई है और केरल में भाजपा के नेतृत्व में NDA सत्ता में आएगा।
एनडीए की रैली में बोलते हुए, मोदी ने कहा कि राज्य में भगवा पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केरल में लेफ्ट शासन को अलविदा कहने के लिए एक मजबूत मूड का संकेत दिया है।
पीएम ने कहा कि अगर भाजपा राज्य में सत्ता में आती है, तो वह केरल में विकास सुनिश्चित करेगी जैसा कि उसने सात उत्तर-पूर्व राज्यों में से छह में किया है जहां वह सत्ता में है और गोवा में जहां ईसाई आबादी काफी है।
उन्होंने कहा कि केरल में बहुत क्षमता है, फिर भी विकास की दौड़ में यह दूसरे राज्यों से पीछे है। उन्होंने आरोप लगाया कि केरल के ग्रामीण इलाकों में बेसिक इंफ्रास्ट्रक्चर खराब था क्योंकि एलडीएफ और यूडीएफ ने उस पर ध्यान नहीं दिया।
पीएम ने कहा कि केंद्र की एनडीए सरकार ने केरल के विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी है, जबकि राज्य में अब तक भाजपा की सरकार नहीं है. उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार ने केरल में विकास पर कांग्रेस की यूपीए सरकारों से पांच गुना ज़्यादा खर्च किया है।
पीएम मोदी ने राज्य की लेफ्ट सरकार पर सबरी रेल प्रोजेक्ट में देरी करने का भी आरोप लगाया और दावा किया कि इससे तिरुवल्ला के लोगों को काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि जब केरल में भाजपा की डबल इंजन वाली सरकार सत्ता में आएगी, तो सभी रुकावटें दूर हो जाएंगी. “यह मोदी की गारंटी है”।










