नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी (AAP) ने राज्यसभा सचिवालय को पत्र लिखकर राघव चड्ढा को सदन में पार्टी के उप नेता के पद से हटाने की मांग की है। उन्होंने बताया कि पंजाब से राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल को नया उप नेता नियुक्त किया जा सकता है।
सूत्रों के हवाले से यह भी जानकारी मिली है पार्टी द्वारा लिखे गए इस पत्र में एक और सख्त निर्देश दिया गया है। पार्टी ने कहा है कि राघव चड्ढा को उच्च सदन में बोलने के लिए पार्टी के निर्धारित कोटे से समय न दिया जाए। आप के अभी राज्यसभा में 10 सदस्य हैं, जिनमें पंजाब से सात और दिल्ली से तीन सदस्य शामिल हैं।
सियासी गलियारों में इस बात को लेकर चर्चा है कि राघव चड्ढा के खिलाफ पार्टी के प्रति बेरुखी और पार्टी की गतिविधियों में भाग नहीं लेने की वजह से यह फैसला लिया गया है। क्योंकि राघव चड्ढा काफी समय से पार्टी के प्रमुख मुद्दों को लेकर चुप्पी साधे हुए थे।
इतना ही नहीं पिछले दिनों जब शराब घोटाले में अरविंद केजरीवाल को राहत मिली थी तो वे न तो केजरीवाल से मिलने गए थे और न ही उन्होंने मामले में सोशल मीडिया पर कोई प्रतिक्रिया जताई थी। उनकी इसी चुप्पी को पार्टी से दूरी माना जा रहा और उन्हें जिम्मेदारी के पद से हटाने का निर्णय लिया गया।
उनकी जगह पंजाब से ही राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल को यह अहम जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को इस संबंध में औपचारिक पत्र लिखकर जानकारी दे दी है।








